नवगछिया में संदिग्ध स्थिति में युवक की मौत: परिजनों ने जताया जहरीली शराब का अंदेशा, अस्पताल में हंगामा

नवगछिया में संदिग्ध जहरीली शराब से एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। गोर्नचक गांव के कुंदन सिंह की मौत के बाद परिजनों का आरोप- 'मुंह से आ रही थी शराब की गंध'। पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।

नवगछिया में संदिग्ध जहरीली शराब से एक युवक की मौत - फोटो : Reporter

पटना के बाद अब भागलपुर जिले के नवगछिया में संदिग्ध जहरीली शराब से एक युवक की मौत का दर्दनाक मामला सामने आया है। घटना परबत्ता थाना क्षेत्र के गोर्नचक गांव की है, जहां कुंदन सिंह नामक युवक की अचानक हुई मौत से पूरे इलाके में सनसनी और हड़कंप का माहौल व्याप्त हो गया है।


घर लौटने के बाद सोता ही रह गया कुंदन, अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

परिजनों के अनुसार, कुंदन सिंह घर से करीब एक घंटे के लिए बिना बताए निकला था। जब वह वापस लौटा तो अत्यधिक नशे में था और उसके मुंह से तेज शराब की गंध आ रही थी। घर आकर वह बिस्तर पर सो गया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन पहले उसे स्थानीय ग्रामीण चिकित्सक और फिर नवगछिया अनुमंडल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की पुष्टि के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा भी किया।


गांव में शराब माफियाओं के सक्रिय होने का दावा, पुलिस ने जताई अनभिज्ञता

स्थानीय सूत्रों और ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में करीब आधा दर्जन से अधिक कथित शराब माफिया खुलेआम सक्रिय हैं और अवैध शराब का कारोबार चला रहे हैं। हालांकि, स्थानीय पुलिस ने इन दावों से पूरी तरह अनभिज्ञता जताई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि उन्हें ऐसी किसी गतिविधि की पूर्व सूचना नहीं है, लेकिन अगर जांच में ऐसी कोई बात सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, मौत के कारणों पर सस्पेंस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और शव को कब्जे में लेकर आगे की कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक की मौत जहरीली शराब पीने से हुई है या किसी अन्य कारण से, इसका वास्तविक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस की विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।