Bihar Transport Department Transfer : 334 चलन्त दस्ता सिपाहियों का स्थानांतरण, देखें पूरी सूची

बिहार सरकार के परिवहन विभाग ने बड़ा आदेश जारी करते हुए 334 चलन्त दस्ता सिपाहियों का तबादला किया है।सभी सिपाहियों को 3 दिनों के भीतर नए पदस्थापन स्थल एवं चेकपोस्टों पर योगदान देने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।ट्रांसफर की पूरी सूची और विवरण यहाँ पढ़ें

Bihar Transport Department Transfer

बिहार सरकार के परिवहन विभाग ने राज्य में प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर तबादले किए हैं। विभाग द्वारा जारी नए आदेश के अनुसार, अपने नियंत्रण में कार्यरत कुल 334 चलन्त दस्ता सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक नए जिलों, क्षेत्रीय कार्यालयों और महत्वपूर्ण चेकपोस्टों पर पदस्थापित कर दिया गया है  


परिवहन विभाग, बिहार, पटना द्वारा यह आदेश  जारी किया गया है। उप सचिव द्वारा हस्ताक्षरित इस आदेश पत्र में राज्यभर के विभिन्न जिलों जैसे अररिया, बेगूसराय, भोजपुर, भागलपुर, दरभंगा और पटना में पूर्व से कार्यरत सिपाहियों के स्थानांतरण की विस्तृत सूची दी गई है 

जारी की गई सूची के अनुसार, सिपाहियों को बलथरी चेकपोस्ट (गोपालगंज), डोभी चेकपोस्ट (गयाजी), मोहनिया चेकपोस्ट (कैमूर), रजौली (नवादा) और दालकोला चेकपोस्ट समेत विभिन्न जिलों के परिवहन कार्यालयों में स्थानांतरित किया गया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि स्थानांतरण के तहत शामिल महिला कर्मियों में से कुछ मातृत्व अवकाश एवं शिशु देख-भाल अवकाश पर हैं 

विभाग ने सख्त हिदायत दी है कि सभी पदस्थापित सिपाही आदेश निर्गत होने की तिथि से तीन दिनों के अंदर अपने नए कार्यालय या चेकपोस्ट पर योगदान देना सुनिश्चित करेंगे। इसके अलावा, संबंधित जिला परिवहन अधिकारियों को प्रतिस्थानी के योगदान की प्रतीक्षा किए बिना उन्हें विरमित करने का निर्देश दिया गया है, जबकि स्थानांतरित सिपाहियों का सितंबर 2026 माह का वेतन उनके नए पदस्थापित कार्यालय से ही जारी किया जाएगा 

पटना से धीरज पराशर की रिपोर्ट