पुलिस हिरासत में नाबालिग की फांसी से मौत के बाद थानाध्यक्ष सहित तीन निलंबित, एसपी की कार्रवाई से महकमे में मचा हड़कंप
Nawada - बिहार के नवादा जिले के काशीचक थाने में बुधवार सुबह पुलिस हिरासत में एक नाबालिग आरोपी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अपहरण के एक मामले में गिरफ्तार इस नाबालिग को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह घटना 24 नवंबर से जुड़े एक अपहरण मामले से संबंधित है। भट्टा गांव की एक नाबालिग लड़की एडमिट कार्ड लेने स्कूल गई थी और लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर 26 नवंबर को थाना कांड संख्या 171/25 दर्ज किया गया था। इस मामले में एक नाबालिग लड़के के साथ जितेंद्र कुमार (ग्राम बौरी) और नीतीश कुमार (ग्राम भट्टा) को नामजद आरोपी बनाया गया था।
पुलिस ने उसी दिन शाम करीब 8:30 बजे लापता लड़की और मुख्य आरोपी नाबालिग को बरामद कर थाने लाई थी। नाबालिग आरोपी को चौकीदार कपिलदेव पासवान की निगरानी में रखा गया था। बुधवार सुबह लगभग 7:15 बजे उसने अपने शॉल से फांसी लगा ली।
घटना की गंभीरता को देखते हुए नवादा के पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई की। काशीचक थानाध्यक्ष अक्षय कुमार गुप्ता, सहायक थानाध्यक्ष लवेश्वर कुमार धान और चौकीदार कपिलदेव पासवान को निलंबित कर दिया गया है। होमगार्ड जवान हरेराम कुमार को छह महीने के लिए ड्यूटी से वंचित कर दिया गया है।
इस मामले की जांच अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पकरीबरावां को सौंपी गई है। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, कार्यपालक दंडाधिकारी द्वारा मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट तैयार की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड की निगरानी में वीडियोग्राफी के साथ कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, न्यायिक और कार्यकारी जांच भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस हिरासत में नाबालिग की मौत से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने इस घटना की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
रिपोर्ट - अमन सिन्हा