नवादा में साइबर अपराधियों के हौसले बुलंद : छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर हमला, दरोगा समेत 4 जवान घायल

नवादा जिले में साइबर अपराध की गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों और अपराधियों ने अचानक हमला बोल दिया। इस घटना में दरोगा समेत 4 जवान घायल हुए है.....

छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर हमला- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले में अपराधियों और बदमाशों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक बानगी वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के सौरीपुर गांव में देखने को मिली। साइबर अपराध की गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों और अपराधियों ने अचानक हमला बोल दिया। इस हिंसक झड़प और जमकर हुए पथराव में एक दरोगा समेत चार पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर सामने आई है। साइबर डीएसपी ने इस घटना में एक पुलिस अधिकारी के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि की है।


साइबर गतिविधियों की सूचना पर पहुंची थी पुलिस, कम संख्या देख भीड़ ने चारों तरफ से घेरा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को पुलिस को यह पुख्ता सूचना मिली थी कि सौरीपुर गांव में कुछ संदिग्ध लोग बैठकर अवैध रूप से साइबर अपराध की गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। इसी इनपुट के आधार पर पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर जांच और छापेमारी के लिए पहुँची। बताया जा रहा है कि शुरुआती छापेमारी के वक्त मौके पर पुलिस बल की संख्या काफी कम थी। इसी का फायदा उठाकर अचानक बड़ी संख्या में ग्रामीण व असामाजिक तत्व वहां जुट गए और उन्होंने पुलिस टीम को चारों तरफ से घेर लिया।


अचानक हुए पथराव से मचा हड़कंप, जान बचाकर पीछे हटने को मजबूर हुए पुलिसकर्मी

घेरने के बाद हमलावरों ने पुलिस टीम पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से ताबड़तोड़ पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए इस जानलेवा हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाने के लिए पीछे हटना पड़ा। इस हिंसक घटना में एक दरोगा और तीन अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दुस्साहसिक घटना के बाद महकमे में हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई।


शाहपुर, वारिसलीगंज, काशीचक और नवादा की स्पेशल टीमों ने संभाला मोर्चा, इलाके में दबिश तेज

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरीय अधिकारियों ने तुरंत कड़ा रुख अपनाते हुए अतिरिक्त बल को मैदान में उतारा। इसके बाद शाहपुर, वारिसलीगंज, काशीचक और नवादा थानों की स्पेशल पुलिस टीमों को तुरंत मौके पर रवाना किया गया। अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचते ही पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया और अपराधियों की धरपकड़ के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी गई। पुलिस की ओर से भी इस जवाबी कार्रवाई में सख्ती बरती जा रही है।


साइबर डीएसपी ने दी जानकारी, दोषियों पर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई

पूरे घटनाक्रम के संबंध में साइबर डीएसपी शाहनवाज अख्तर ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और इस पूरे मामले की विस्तृत जानकारी जल्द ही एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से साझा की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि साइबर ठगों के नेटवर्क कितने मजबूत और दुस्साहसी हो चुके हैं। बहरहाल, पुलिस अब हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।


अमन की रिपोर्ट