नवादा जेल में महिला कैदी कर रहीं छठ पूजा, पटना बेऊर जेल में भी मनाया जा रहा छठ पर्व, बंदियों के बीच बंटा खरना का प्रसाद

Nawada/patna  - बिहार के नवादा स्थित मंडल कारा में लोक आस्था का महापर्व छठ धूमधाम से मनाया जा रहा है। चार दिवसीय इस पर्व का आज दूसरा दिन है, जहाँ जेल प्रशासन द्वारा नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व की शुरुआत हुई थी। जेल में बंद महिला कैदी पूरी श्रद्धा के साथ यह व्रत कर रही हैं।

आज रविवार को महिला कैदियों द्वारा खरना का प्रसाद बनाया जा रहा है। नवादा मंडल कारा के महिला वार्ड में छठी मैया के गीत गूँज रहे हैं, जिससे पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल है। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद महिला व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू कर दिया है।

विभिन्न मामलों में जेल में बंद होने के बावजूद इन महिलाओं की धर्म और आस्था के प्रति निष्ठा अटूट है। जेल के अंदर भी सूर्य उपासना के इस महापर्व के प्रति लोगों की गहरी आस्था देखने को मिल रही है। महिला व्रतियों को जेल प्रशासन सहित अन्य सभी कैदियों का भरपूर सहयोग मिल रहा है।

जेल अधीक्षक ने बताया कि इस वर्ष 6 महिला बंदी छठ व्रत कर रही हैं। जेल प्रशासन की ओर से इन सभी महिला व्रतियों के लिए साड़ी सहित अन्य सभी पूजन सामग्री की समुचित व्यवस्था की गई है। कैदियों ने मिलकर जेल के अंदर बने तालाब की भी साफ-सफाई की है।

वहीं पटना बेऊर जेल में भी बंदी छठ पर्व कर रहे हैं। जिसको लेकर जेल प्रशासन ने पूरी व्यवस्था की है। आज 36 घंटे के निर्जला उपवास से पूर्व सभी कैदियों को खरना का प्रसाद खिलाया गया।

नवादा से अमन सिन्हा की रिपोर्ट