मौलाना के मोहब्बत में भूल गई पति- परिवार, चार बच्चों की माँ हो गई फरार, नवादा में बवाल
पति फिरोज आलम का आरोप है कि धीरे-धीरे उसकी पत्नी और मौलाना के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं और दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। फिरोज आलम के मुताबिक, जब उन्हें इस संबंध को लेकर शक हुआ तो उन्होंने मौलाना को घर आने से मना कर दिया था।
Bihar News : नवादा नगर थाना क्षेत्र के नानू नगर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पारिवारिक रिश्ते में दरार आने के बाद मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है। एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी को चार बच्चों के साथ एक मौलाना के साथ फरार होने का आरोप लगाया है। इस घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। मिली जानकारी के अनुसार, संबंधित मौलाना कथित तौर पर फातिहा पढ़ने के लिए अक्सर उनके घर आया करता था। इसी दौरान उसकी जान-पहचान परिवार से हुई।
पति फिरोज आलम का आरोप है कि धीरे-धीरे उसकी पत्नी और मौलाना के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं और दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। फिरोज आलम के मुताबिक, जब उन्हें इस संबंध को लेकर शक हुआ तो उन्होंने मौलाना को घर आने से मना कर दिया था। हालांकि, उन्हें अंदाजा नहीं था कि मामला इस हद तक पहुंच जाएगा।
फिरोज आलम का आरोप है कि अचानक उनकी पत्नी चार बच्चों के साथ घर से चली गई। इसके बाद जब उन्होंने खोजबीन की तो उन्हें कथित तौर पर मौलाना के साथ पत्नी के जाने की जानकारी मिली। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए कहा कि पहले उन्हें पत्नी और मौलाना के बीच संबंध को लेकर केवल शक था, लेकिन अब परिस्थितियों ने उनके शक को यकीन में बदल दिया है।
इस मामले को लेकर फिरोज आलम ने नगर थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन में उन्होंने मौलाना पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
वहीं, इस पूरे मामले पर नगर थाना प्रभारी उमाशंकर सिंह ने बताया कि महिला के लापता होने को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जिस व्यक्ति पर आरोप लगाया गया है, उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
अमन की रिपोर्ट