बुझ गया घर का इकलौता चिराग! नवादा में डीजे संचालक की बेरहमी से हत्या, मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
नवादा जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ अपराधियों ने एक 25 वर्षीय युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी। पकरीबरामा थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव का रहने वाला सुभाष कुमार शुक्रवार सुबह घर से शौच के लिए निकला था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा।
Nawada - नवादा जिले के पकरीबरामा थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक घटना घटी। मृतक की पहचान सुभाष कुमार (25 वर्ष), पिता बिरजू यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सुभाष सुबह घर से शौच के लिए निकला था, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटा, तो घरवाले चिंतित हो गए और उसकी तलाश शुरू की।
गमछे से गला घोंटकर उतारा मौत के घाट
खोजबीन के दौरान सुभाष का शव गांव के पास ही बरामद हुआ। मृतक के गले में गमछा कसकर बंधा हुआ था, जिससे यह स्पष्ट होता है कि अपराधियों ने गला घोंटकर उसकी हत्या की है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मृतक के चचेरे भाई दीपक कुमार ने बताया कि उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि ऐसी कोई अनहोनी हो जाएगी।
परिवार का इकलौता सहारा था सुभाष
सुभाष अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और डीजे (DJ) बजाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से घर का इकलौता चिराग बुझ गया है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। इकलौते बेटे की मौत की खबर सुनते ही माता-पिता और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, और पूरे गांव में मातम का माहौल है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना सबसे पहले आपातकालीन सेवा 112 को दी गई। जानकारी मिलते ही पकरीबरामा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया है ताकि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें।
आरोपियों की तलाश में छापेमारी
पुलिस इस हत्याकांड की हर बिंदु पर गहनता से जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस गांव के संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश है और वे दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।
Report - aman sinha