नीतीश कुमार ने नवादा में लालू परिवार पर साधा निशाना, जनसभा, परिवारवाद और जंगलराज पर जमकर बरसे

Nawada - नवादा जिले के मेसकौर प्रखंड के बिरजू बीघा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और मंत्री संजय झा का आगमन हुआ। एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने परिवारवाद और जंगलराज को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार पर तीखा हमला किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि 2005 से पहले बिहार में कोई विकास नहीं हुआ था। उन्होंने लालू परिवार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके परिवार के हर सदस्य ने सत्ता में आने का काम किया, जबकि उनका (नीतीश का) कोई भी परिवार सदस्य राजनीति में सक्रिय नहीं है। 

उन्होंने लालू-राबड़ी का नाम लिए बिना उन पर जमकर हमला बोला।नीतीश कुमार ने हिंदू-मुस्लिम एकता का बड़ा संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि नवादा में अक्सर दोनों समुदायों के बीच विवाद होते रहे हैं, ऐसे में एकता बनाए रखना महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने बिहार में हर साल करोड़ों लोगों को नौकरी देने का दावा भी दोहराया।

इस दौरान उन्होंने रजौली विधानसभा से लोजपा (रामविलास) प्रत्याशी विमल राजवंशी और नवादा विधानसभा से विभा देवी के लिए जनता से आशीर्वाद मांगा। मुख्यमंत्री को देखने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंची थीं, जो छतों और अन्य ऊंचे स्थानों पर बैठी थीं।  नीतीश कुमार ने मंच से इन महिलाओं से ताली बजाने की अपील की। उन्होंने महिलाओं के लिए चलाई जा रही विकास योजनाओं का भी जिक्र किया और बताया कि बिहार में उनके द्वारा क्या-क्या कार्य किए गए हैं।

रिपोर्ट - अमन सिन्हा