सीएम नीतीश ने नवादा में विकास कार्यों का लिया जायजा, ऊपर बिजली नीचे मछली को साकार करेगा 10 मेगावाट का फ्लोटिंग सोलर संयंत्र
नीतीश कुमार ने नवादा में विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लेते हुए रजौली में 'ऊपर बिजली नीचे मछली' की तर्ज पर लगाए जा रहे 10 मेगावाट का फ्लोटिंग सोलर संयंत्र के प्रगति कार्य का जायजा लिया।
Nitish Kumar : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को नवादा जिले के रजौली प्रखंड अंतर्गत हरदिया पंचायत के ग्राम चिरैला स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक (+2) विद्यालय परिसर का भ्रमण कर वहां संचालित नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालक छात्रावास के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री नेताजी सुभाष चंद्र छात्रावास के विद्यार्थियों से बातचीत कर पठन-पाठन एवं मिल रही सुविधाओं से अवगत हुए। विद्यालय प्रांगण में आत्मरक्षार्थ कराटे का प्रशिक्षण ले रही छात्राओं से भी मुख्यमंत्री ने बातचीत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी मन लगाकर पढ़िए। आप सभी बच्चे भारत के भविष्य हैं। आपकी जो जरूरत होगी, सरकार उसे पूरा करेगी। आप सभी को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं। मन लगाकर पढ़िए और आगे बढिए। विद्यार्थियों ने ताली बजाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने उत्क्रमित उच्च माध्यमिक (+2) विद्यालय प्रांगण में समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, जीविका दीदियों, विद्यार्थियों आदि द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया। अवलोकन के क्रम में मुख्यमंत्री ने 137 जीविका स्वयं सहायता समूह को विभिन्न बैंकों के प्रदत्त ऋण से संबंधित 1 करोड़ 29 लाख रुपये का सांकेतिक चेक लाभार्थियों को प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों से संवाद के क्रम में कहा कि आप सभी काफी अच्छा काम कर रही हैं। इससे बिहार की आर्थिक स्थिति में तेजी सुधार हो रहा है। हर क्षेत्र में आप सभी जीविका दीदियां पूरी मेहनत और लगन से काम कर रही हैं। सरकार आपकी हर जरूरतों को ससमय पूरा करने की हर संभव कोशिश करती है। आगे जो भी आवश्यकताएं होंगी उसे भी पूरा किया जाएगा।
जीविका दीदीयों का बढ़ा मनोबल
जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि जीविका स्वयं सहायता समूह से हम सभी का मनोबल काफी बढ़ा है। अब हम सभी महिलाओं को पैसों के लिए परिवार पर निर्भर नहीं होना पड़ता है। आपने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना शुरू कराई है। यह हम सभी के लिए काफी वरदान साबित हो रहा है। इसके लिए हम सभी आपके प्रति आभारी हैं। इसी प्रकार आप अपना आशीर्वाद बनाए रखें। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत दी जानेवाली वृद्धा/विकलांग/विधवा पेंशन की राशि 400 से बढ़ाकर 1100 रुपये किए जाने, सभी घरेलू उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 125 यूनिट बिजली निःशुल्क दिए जाने, गंगा जल को शुद्ध पेयजल के रूप में घर-घर तक पहुंचाने, आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, आशा कार्यकर्ताओं आदि की मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि किए जाने पर लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया।
16 हजार मानदेय करने पर ख़ुशी
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य उपकेंद्र-सह-हेल्थ एन्ड वेलनेस सेंटर, हरदिया के परिसर का भ्रमण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जानेवाली चिकित्सकीय सुविधाओं, दवा की उपलब्धता, डॉक्टरों की तैनाती आदि के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। भ्रमण के क्रम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल का मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। अवलोकन के क्रम में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि यहां टेलीमेडिसिन की भी व्यवस्था उपलब्ध है। मातृत्व सुरक्षा अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाता है तथा उन्हें संतुलित आहार लेने सहित हर जरूरी परामर्श दिया जाता है। शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक के मानदेय को 8 हजार से बढ़ाकर 16 हजार रुपये किए जाने पर लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।
'ऊपर बिजली नीचे मछली'
नीतीश कुमार ने फुलवरिया जलाशय, रजौली में 'ऊपर बिजली नीचे मछली' की तर्ज पर लगाए जा रहे 10 मेगावाट का फ्लोटिंग सोलर संयंत्र के प्रगति कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि यह फुलवरिया जलाशय 30 एकड़ में फैला हुआ है। लोक स्वास्थ्य प्रमंडल द्वारा रजौली बहुग्रामीण जलापूर्ति योजना के तहत यहीं से पानी फिल्टर कर आसपास के 90 गांवों के घरों में जल की आपूर्ति की जा रही है, क्योंकि यहां का भू-जल फ्लोराइडयुक्त है, जिसके सेवन से कई प्रकार की बीमारियां होती हैं। मुख्यमंत्री ने फुलवरिया जलाशय में 182 फीश केज वाला आधुनिक मत्स्य पालन मॉडल का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने नवादा जिला के रजौली अंचल में फुलवरिया जलाशय के समीप प्रस्तावित औद्योगिक विकास क्षेत्र के तहत चिन्हित की गई भूमि का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि यहां औद्योगिक विकास के लिए 220 एकड़ जमीन उपलब्ध है। यहां आवागमन भी काफी सुगमतापूर्वक से हो सकेगा।
नवादा से अमन की रिपोर्ट