Road Accident In Bihar: नवादा में भीषण सड़क हादसे में 2 की मौत, 1 महीने के मासूम के सिर से उठा पिता का साया, परिजनों में कोहराम
Road Accident In Bihar: बिहार के नवादा जिले में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों युवक पूजा का सामान लेने के लिए घर से निकले थे इसी दौरान सड़क हादसे का शिकार हो गए। सड़क दुर्घटना में दोनों की मौत हो गई।
Road Accident In Bihar: बिहार के नवादा में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। जानकारी अनुसार जम्हारिया गांव के पास अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि दोनों दोस्त पूजा का सामान लेने के लिए घर से निकले थे। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है।
दो दोस्तों की मौत
मृतकों की पहचान धमौल थाना क्षेत्र के अटारी गांव निवासी धनेश्वर यादव के लगभग 25 वर्षीय पुत्र सतीश यादव और विनोद प्रसाद यादव के लगभग 25 वर्षीय पुत्र रवि कुमार यादव के रूप में हुई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
एक महीने पहले ही बना था पिता
मृतक सतीश यादव अपने परिवार का सबसे छोटा पुत्र था। लगभग डेढ़ साल पहले ही उसकी शादी हुई थी और एक महीने पहले ही उसे एक बेटा हुआ था। परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन इस आकस्मिक मौत से पूरा परिवार सदमे में है। यह जानकारी वीरेंद्र यादव ने दी।
परिजनों में मचा कोहराम
वहीं, रवि कुमार यादव अपने घर का सबसे बड़ा पुत्र था और पूरे परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी भी दो साल पहले हुई थी और उसका भी एक बेटा है। रवि किसान का काम करके अपने परिवार का गुजारा चलाता था। इस घटना ने उसके परिवार में भी कोहराम मचा दिया है।
नवादा से अमन की रिपोर्ट