नवादा में 'खूनी' इश्क का खेल: पत्नी के अवैध संबंध का विरोध करने पर पति की संदिग्ध मौत, जीजा के साथ रची साजिश

अवैध संबंध के विरोध पर एक युवक की जान जाने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि राहुल की पत्नी ने अपने प्रेमी (जीजा) के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने पत्नी समेत दो को हिरासत में लेकर फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है।

Nawada - बिहार के नवादा जिले के नारदीगंज प्रखंड अंतर्गत फालडू गांव में एक 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सनसनी फैल गई है। मृतक के परिजनों ने इस मामले को सुनियोजित हत्या करार देते हुए युवक की पत्नी और उसके जीजा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी सहित दो लोगों को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

वैवाहिक कलह और अवैध संबंध का आरोप

मृतक की पहचान जादूपुर गांव निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई है, जिसकी शादी 22 फरवरी 2023 को फालडू गांव की प्रियंका कुमारी के साथ हुई थी। मृतक के भाई रोहित कुमार ने आरोप लगाया है कि शादी के महज छह महीने बाद से ही दोनों के बीच विवाद रहने लगा था। परिजनों का दावा है कि राहुल की पत्नी प्रियंका का अपने ही जीजा के साथ अवैध संबंध था, जिसका राहुल लगातार विरोध करता था और इसी रंजिश के कारण उसकी जान ली गई है।

ससुराल जाने के बाद मिली मौत की खबर

घटनाक्रम के अनुसार, राहुल सोमवार को अपने ससुराल फालडू गांव गया था। बुधवार को अचानक राहुल के परिजनों को सूचना मिली कि उसकी तबीयत बहुत बिगड़ गई है और उसकी मौत हो गई है। इस सूचना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा लाया गया। मृतक के भाई ने नारदीगंज थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

पुलिस की कार्रवाई: फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीएसपी राहुल सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस हर उस बिंदु की जांच कर रही है जो राहुल की मौत से जुड़ा हो सकता है। डीएसपी के अनुसार, हिरासत में लिए गए दो संदिग्धों से पूछताछ जारी है और पूरे मामले का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

रिपोर्ट - अमन सिन्हा