श्रीश्री ठाकुर अनुकूलचंद्र जी का 138वां जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया, धर्म, विज्ञान और जीवन दर्शन पर हुआ मंथन

birth anniversary of Shri Shri Thakur Anukulchandra Ji- फोटो : news4nation

Bihar News :  पटना सत्संग विहार, कंकड़बाग के तत्वावधान में  परमप्रेममय श्री श्री ठाकुर अनुकूलचंद्र जी का 138वां शुभ जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर 22 फरवरी को गांधी मैदान में भव्य सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।


कार्यक्रम की शुरुआत ब्रह्ममुहूर्त में वेद मांगलिक से हुई, जिससे सत्संग विहार परिसर आध्यात्मिक दिव्यता से आलोकित हो उठा। इसके बाद प्रभात फेरी और कीर्तन का आयोजन हुआ, जिससे कंकड़बाग क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। प्रातः 6:20 बजे सामूहिक प्रार्थना हुई, जिसमें सत्यानुसरण, नारी नीति, भगवद गीता, रामचरितमानस, गुरु ग्रंथ साहिब, कुरान और बाइबिल जैसे विभिन्न धर्मग्रंथों का पाठ किया गया। युवा-युवतियां पारंपरिक परिधानों में ठाकुर जी के प्रेम में विभोर नजर आए।

सुबह 8:30 बजे बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य शोभायात्रा कंकड़बाग से गांधी मैदान के लिए रवाना हुई। गांधी मैदान पहुंचने के बाद सुबह 10 बजे से सत्संग का शुभारंभ हुआ। भजन-कीर्तन और नृत्य के माध्यम से युवाओं ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस में डुबो दिया। वक्ताओं ने ठाकुर जी के जीवन और दर्शन पर प्रकाश डालते हुए गुरु की आवश्यकता, धर्म और विज्ञान का समन्वय, मानव अस्तित्व का संरक्षण और जीवन में सदाचार के महत्व पर चर्चा की।

कार्यक्रम के दौरान मेडिकल कैंप, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, शैक्षणिक व कैरियर परामर्श तथा कानूनी सलाह शिविर लगाए गए, जिनसे बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला। भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में जब मानव समाज द्वेष, हिंसा और संकीर्णता से घिरा है, तब श्री श्री ठाकुर अनुकूलचंद्र जी का जीवन दर्शन मानवता को सही दिशा दिखाता है। उनके प्रेम, करुणा और मार्गदर्शन से प्रेरित होकर सत्संग संस्था आज भी लोगों को संतुलित, जागरूक और आनंदमय जीवन की ओर अग्रसर कर रही है।

वंदना की रिपोर्ट