Bihar News : बिहार के सासाराम टोल प्लाजा पर 200 KW सोलर प्लांट की हुई शुरूआत, कार्बन उत्सर्जन में आएगी भारी कमी
Bihar News : वाराणसी-औरंगाबाद हाईवे पर 200 किलोवाट सोलर पावर प्लांट का शुभारंभ हो गया है. सोलर प्लांट से उत्पन्न बिजली से टोल प्लाजा का सिस्टम संचालित हो रहा है....पढ़िए आगे
PATNA : वाराणसी-औरंगाबाद एनएच-2 टोलवे प्राइवेट लिमिटेड ने बिहार के सासाराम टोल प्लाजा पर 200 किलोवाट क्षमता वाले सोलर पावर प्लांट का शुभारंभ किया है। यह पहल स्वच्छ ऊर्जा और टिकाऊ बुनियादी ढांचे के विकास के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है । स्पेन की वैश्विक इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी रोडीस द्वारा स्थापित सोलर प्लांट परियोजना तकनीकी और कमीशनिंग प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 28 मई 2026 में ट्रायल के बाद परिचालन में आ चुका है।
टोल प्लाजा के संचालन के लिए स्थापित इस संयंत्र से प्रतिवर्ष लगभग 2.92 लाख यूनिट नवीकरणीय बिजली उत्पादन होने का अनुमान है। इससे हर साल करीब 239 टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आएगी। प्लांट में बाय-डायरेक्शनल (नेट मीटरिंग) तकनीक का उपयोग किया गया है, जिससे अतिरिक्त बिजली स्थानीय विद्युत ग्रिड में वापस भेजी जा सकेगी।
इस अवसर पर कम्पनी के अधिकारी अश्वनी शर्मा ने कहा कि सासाराम सोलर पावर प्लांट का संचालन एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को समान महत्व देना समय की आवश्यकता है। यह परियोजना बेहतर कनेक्टिविटी, आर्थिक विकास और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वीएएच की यह पहल उसके पर्यावरण, सामाजिक जिम्मेदारी और सुशासन लक्ष्यों के अनुरूप है।
कंपनी सड़क अवसंरचना के विकास के साथ-साथ सामाजिक और पर्यावरणीय दायित्वों को भी प्राथमिकता दे रही है। वीएएच वर्तमान में वाराणसी-औरंगाबाद के बीच 192 किलोमीटर लंबे छह-लेन हाईवे के निर्माण, संचालन और रखरखाव का कार्य कर रही है। साथ ही शिक्षा,खेल और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कई सामाजिक कार्यक्रम भी संचालित कर रही है। इस परियोजना से क्षेत्रीय विकास को गति देने के साथ भविष्य के लिए अधिक पर्यावरण-अनुकूल और टिकाऊ परिवहन कॉरिडोर विकसित करना है।