Patna Police: पटना में 37 ASI बने SI, बैज लगाकर बढ़ाया मान, अब कंधों पर नई जिम्मेदारी

Patna Police: 37 सहायक उप-निरीक्षकों (ASI) को उप-निरीक्षक (SI) के पद पर पदोन्नति दी गई।

पटना में 37 ASI बने SI- फोटो : social Media

Patna  Police: पटना दानापुर थाना परिसर मंगलवार को पुलिसकर्मियों के सम्मान का गवाह बना, जहां 37 सहायक उप-निरीक्षकों (ASI) को उप-निरीक्षक (SI) के पद पर पदोन्नति दी गई। इस मौके पर थाना परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। अधिकारियों ने प्रमोशन पाने वाले सभी पुलिसकर्मियों को बैज लगाकर सम्मानित किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

समारोह में दानापुर एसपी अजीत कुमार और दानापुर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने पदोन्नत पुलिसकर्मियों को बैज लगाया। प्रमोशन के बाद अब सभी 37 पुलिसकर्मी उप-निरीक्षक के रूप में अपनी नई जिम्मेदारियां संभालेंगे।

अधिकारियों ने कहा कि पदोन्नति महज पद और वर्दी पर नए सितारे लगने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके साथ जिम्मेदारियों का दायरा भी बढ़ता है। नए एसआई से कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध पर अंकुश लगाने और आम लोगों की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने की अपेक्षा की गई।पुलिस अधिकारियों ने पदोन्नत कर्मियों से विभागीय दायित्वों का पूरी ईमानदारी और अनुशासन के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्हें भरोसा दिलाया गया कि नई भूमिका में उनके अनुभव का लाभ पुलिसिंग को और मजबूत करने में मिलेगा।

वहीं, प्रमोशन पाने वाले पुलिसकर्मियों ने अधिकारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पदोन्नति उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वे अपनी नई भूमिका में बेहतर पुलिसिंग करने और विभाग की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।समारोह में मौजूद पुलिसकर्मियों और साथियों ने भी सभी प्रमोटेड एसआई को बधाई दी। थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्साह का माहौल रहा और साथियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।