राजधानी पटना में महिला ठग गिरोह सक्रिय, झांसा देकर जीविका दीदी की 1 लाख रुपये की सोने की बालियां उड़ाईं

राजधानी पटना में महिला ठग गिरोह के सक्रिय होने का मामला सामने आया है। इस गिरोह ने एक जीविका दीदी को अपना शिकार बनाकर उससे तकरीबन 1 लाख रुपये मूल्य के गहने उड़ा लिए है। पुलिस मामले की जांच मे जुटी है.....

राजधानी पटना में महिला ठग गिरोह सक्रिय- फोटो : अनिल कुमार

Patna : राजधानी पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक शातिर महिला ठग गिरोह के सक्रिय होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बेखौफ महिला ठगों ने दिनदहाड़े एक जीविका दीदी को अपनी ठगी का शिकार बनाते हुए लगभग एक लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण ऐंठ लिए। घटना के सामने आते ही आसपास के इलाके और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। पीड़िता की शिकायत के आधार पर स्थानीय पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।


ड्यूटी पर जा रही जीविका दीदी को बातों में उलझाकर बनाया शिकार 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता सोमवार की सुबह करीब 10 बजे रजिस्ट्री ऑफिस स्थित अपने ड्यूटी स्थल पर जा रही थीं। इसी दौरान बिहार राज्य सहकारी भूमि विकास बैंक के समीप एक अज्ञात महिला ने उन्हें अपनी बातों के जाल में उलझा लिया और फुसलाकर अपनी दूसरी सहयोगी महिला के पास ले गई। दोनों महिलाओं ने योजनाबद्ध तरीके से पीड़िता को सोने की चेन देने का लालच दिया और धीरे-धीरे उन्हें अपने झांसे में ले लिया।


डुप्लीकेट चेन थमाकर कान की बालियां लीं उतरवा, ऑटो में बैठाकर हुईं फरार 

शातिर महिलाओं ने पीड़िता का विश्वास जीतकर उनके कान से सोने की दोनों बालियां उतरवा लीं। जैसे ही सोने की बालियां ठगों के हाथ में आईं, उन्होंने चालाकी से पीड़िता के हाथ में एक डुप्लीकेट (नकली) चेन पकड़ा दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित महिलाएं पीड़िता को किसी भी प्रकार का संदेह न होने देने के उद्देश्य से एक ऑटो में बैठाकर एक पुल के पास ले गईं, जहां उन्हें गाड़ी से उतारकर दोनों मौके से फरार हो गईं।


लाख रुपये के जेवर गायब, अहसास होते ही पीड़िता ने पुलिस को दी सूचना 

पुल के पास उतरने के बाद जब पीड़िता ने हाथ में थमाई गई चेन की जांच की, तब उन्हें खुद के साथ हुई बड़ी ठगी का अहसास हुआ। पीड़िता के अनुसार गायब हुई सोने की बालियों की कुल कीमत लगभग एक लाख रुपये है। ठगी की बात समझ आते ही पीड़िता ने तुरंत कोतवाली थाना पुलिस को घटना की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस की एक टीम तुरंत हरकत में आई और घटनास्थल पर पहुँचकर जांच शुरू की।


कोतवाली थाना पुलिस खंगाल रही आसपास के सीसीटीवी फुटेज 

घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुँचकर आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगालने में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों के हुलिए के आधार पर आरोपित महिलाओं की पहचान की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि महिला गिरोह के सदस्यों को चिन्हित कर जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


अनिल की रिपोर्ट