Bihar News : बिहार भाजपा ने मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए 51 लाख रूपये, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सौंपा चेक

Bihar News : मुख्यमंत्री राहत कोष में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री संजय सरावगी ने भारतीय जनता पार्टी, बिहार की तरफ से 51 लाख रुपये की सहायता राशि दी। जिसके लिए मुख्यमंत्री ने आभार व्यक्त किया.......पढ़िए आगे

Bihar News : बिहार भाजपा ने मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए 51
बिहार भाजपा ने दिए चेक - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : भारतीय जनता पार्टी, बिहार की ओर से आपदा और कठिन परिस्थितियों में जरूरतमंदों की मदद के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में 51 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। इस सिलसिले में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से औपचारिक मुलाकात की और उन्हें ₹51 लाख का चेक सौंपा।

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सहायता राशि स्वीकार करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी एवं पार्टी का हृदय से आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट के समय में दी गई यह आर्थिक सहायता राज्य में किसी भी आपदा या विपरीत परिस्थितियों के दौरान गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की मदद करने में बेहद उपयोगी साबित होगी।

इस अवसर पर बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भी संगठन के इस जन-कल्याणकारी पहल की सराहना की और कहा कि समाज सेवा तथा संकट के समय लोगों के साथ खड़े रहना पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है। भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने इस दौरान दोहराया कि पार्टी न केवल राजनीतिक मोर्चे पर बल्कि सामाजिक और मानवीय कर्तव्यों के निर्वहन में भी हमेशा अग्रणी भूमिका निभाती रही है। मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा कराई गई यह राशि राज्य के विभिन्न कल्याणकारी और राहत कार्यों में इस्तेमाल की जाएगी।

इस सहायता राशि के हस्तांतरण के बाद राज्य सरकार और सत्तारूढ़ दल के बीच बेहतर समन्वय और आपदा प्रबंधन के प्रति संवेदनशीलता का संदेश गया है। आपदा की स्थिति में राहत कोष के जरिए पीड़ितों को त्वरित और प्रभावी आर्थिक मदद पहुँचाने में आसानी होगी।