विधान परिषद में अब्दुल बारी सिद्दीकी ने आरएसएस पर की टिप्पणी तो भड़का सत्ता पक्ष, भारी बवाल, कार्यवाही से बाहर
सिद्दीकी ने कहा कि जो लोग ‘जंगलराज’ और ‘मंगलराज’ की बात करते हैं, उनके लिए ये आंकड़े आंख खोलने वाले हैं। इसी दौरान उन्होंने टिप्पणी की कि मंत्री वही जवाब दे रहे हैं जो आरएसएस समझा रहा है।
RSS : बिहार विधान परिषद में लॉ एंड ऑर्डर के मुद्दे पर उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब राजद नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी की आरएसएस पर की गई टिप्पणी से सत्ता पक्ष भड़क उठा। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि सभापति को उनकी टिप्पणी कार्यवाही से बाहर करने का निर्देश देना पड़ा।
सदन में सिद्दीकी ने राज्य की कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाया। इसके जवाब में गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने अपराध के आंकड़े पेश करते हुए कहा कि वर्ष 2004 की तुलना में 2024 में संज्ञेय अपराध के मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि 2004 में कुल 1,15,216 मामले दर्ज हुए थे, जो 2024 में बढ़कर 3,52,000 हो गए। चोरी के मामले 11,518 से बढ़कर 22,760 हो गए, जबकि अन्य अपराधों के आंकड़े भी बढ़े हैं।
गृह मंत्री ने अपहरण के मामलों पर सफाई देते हुए कहा कि कुल मामलों में अपहरण के कुल मामले इस अवधि में 20 हजार 468 हो गया. इनमे से केवल 158 घटनाएं हत्या या फिरौती से जुड़ी थीं, जबकि 14,062 मामले शादी या घर से भागने से संबंधित थे।
इस पर सिद्दीकी ने कहा कि जो लोग ‘जंगलराज’ और ‘मंगलराज’ की बात करते हैं, उनके लिए ये आंकड़े आंख खोलने वाले हैं। इसी दौरान उन्होंने टिप्पणी की कि मंत्री वही जवाब दे रहे हैं जो आरएसएस समझा रहा है। इस पर सत्ता पक्ष के सदस्य संतोष कुमार सिंह ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि सदन में आरएसएस का नाम लेना अनुचित है और टिप्पणी हटाई जानी चाहिए। सभापति ने आपत्ति स्वीकार करते हुए संबंधित टिप्पणी को कार्यवाही से बाहर कर दिया।