Bihar Legislative Council: मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब विधान परिषद सभापति की बारी,बीजेपी के बाद अब जेडीयू को मिल सकता है बड़ा संवैधानिक पद

Bihar Legislative Council:बिहार विधान परिषद के सभापति का अहम पद, जिसे लेकर एनडीए खेमे में अंदरखाने हलचल तेज हो गई है।...

अब विधान परिषद सभापति की बारी- फोटो : social Media

Bihar Legislative Council: बिहार की सत्ता राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी मंथन शुरू हो गया है। इस बार केंद्र में है बिहार विधान परिषद के सभापति का अहम पद, जिसे लेकर एनडीए खेमे में अंदरखाने हलचल तेज हो गई है। सत्ता के गलियारों में चर्चा है कि यह प्रतिष्ठित पद इस बार जदयू के खाते में जा सकता है, जिससे गठबंधन के भीतर शक्ति-संतुलन का नया समीकरण उभर सकता है।

 पूर्व सभापति देवेश चंद्र ठाकुर ने लोकसभा चुनाव 2024 में सीतामढ़ी से सांसद चुने जाने के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। वे 25 अगस्त 2022 को विधान परिषद के सभापति बने थे। उनके इस्तीफे के बाद यह जिम्मेदारी अवधेश नारायण सिंह को सौंपी गई थी, जिन्होंने निर्विरोध रूप से पदभार संभाला था।

अब राजनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज है कि पिछली बार यह पद भाजपा के पास रहने के बाद इस बार जदयू को मौका दिया जा सकता है। एनडीए के भीतर जातीय और राजनीतिक संतुलन बनाए रखने की रणनीति के तहत यह निर्णय लिया जा सकता है। हाल ही में हुए मंत्रिमंडल विस्तार में भी इसी तरह का सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन स्पष्ट रूप से देखा गया था।

सूत्रों के अनुसार नीतीश कुमार की पार्टी जदयू इस पद को लेकर सक्रिय हो गई है और वरिष्ठ नेताओं के नामों पर गंभीर मंथन चल रहा है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि विधान परिषद सभापति पद मिलना संगठनात्मक मजबूती और राजनीतिक प्रभाव दोनों के लिहाज से अहम साबित हो सकता है।

हालांकि अभी तक एनडीए या सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन सत्ता के गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म है। माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब गठबंधन के भीतर बड़े संवैधानिक और संगठनात्मक पदों के बंटवारे की प्रक्रिया तेज हो गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह केवल एक पद का बदलाव नहीं, बल्कि एनडीए के भीतर शक्ति-संतुलन की नई रणनीति का संकेत है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अंतिम निर्णय में जदयू को यह अहम जिम्मेदारी मिलती है या भाजपा एक बार फिर इस पद पर अपनी पकड़ बनाए रखती है।