जीत दर्ज करने के बाद नीरज कुमार ने लिया नीतीश कुमार का आशीर्वाद, जद (यू) कार्यालय पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से लगातार चौथी बार ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद नीरज कुमार पूर्व सीएम नीतीश कुमार के आवास पहुंच उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं नीतीश कुमार ने उन्हे जीत की बधाई देने के साथ-साथ जनता के विश्वास पर हमेशा खरा उतरने की सीख

जीत दर्ज करने के बाद नीरज कुमार ने लिया नीतीश कुमार का आशीर्वाद- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से लगातार चौथी बार ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद जद (यू) के वरिष्ठ नेता नीरज कुमार बुधवार को 7, सर्कुलर मार्ग स्थित पूर्व सीएम व राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार के आवास पर पहुंचे। जहां उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर नीतीश कुमार ने उन्हें शानदार जीत की बधाई दी और 'न्याय के साथ विकास' के मूलमंत्र पर चलते हुए जनसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने तथा जनता के विश्वास पर हमेशा खरा उतरने की सीख दी।


ललन सर्राफ और संजय सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

नीतीश कुमार से मुलाकात के इस विशेष क्षण के दौरान विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उप-नेता ललन कुमार सर्राफ, मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी अरुण वर्मा, प्रदेश प्रवक्ता चंदन कुमार सिंह और छात्र जदयू के पूर्व अध्यक्ष राधे श्याम सहित कई अन्य वरिष्ठ नेतागण उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने नवनिर्वाचित विधान पार्षद नीरज कुमार को लगातार चौथी विजय पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं।


प्रदेश जद (यू) मुख्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से लादा

वहीं नीतीश कुमार का आशीर्वाद लेने के बाद नीरज कुमार प्रदेश जद (यू) मुख्यालय पहुंचे, जहां सैकड़ों की संख्या में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका अभूतपूर्व और भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया तथा नीतीश कुमार, निशांत और नीरज कुमार के समर्थन में जोरदार नारेबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया। पूरा कार्यालय परिसर आतिशबाजी और नारों से गूंज उठा।


जीत का श्रेय नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी और निशांत की विकासपरक नीतियों को दिया

मीडिया और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नीरज कुमार ने अपनी इस बड़ी जीत का श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत की विकासपरक नीतियों एवं मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के सिद्धांतों, पार्टी की विचारधारा और कार्यकर्ताओं के अथक समर्पण का ही परिणाम है कि स्नातक समाज ने उन्हें लगातार चौथी बार अपना प्रतिनिधि चुना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के दिन-रात के जनसंपर्क अभियान की जमकर सराहना की।


मुख्यालय में विधायक, विधान पार्षद और पदाधिकारियों का लगा जमावड़ा

इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में माननीय विधायक हेमनारायण शाह, विधान पार्षद ललन प्रसाद मंडल, अनिल कुमार, वासुदेव कुशवाहा, प्रदेश प्रवक्ता नवल शर्मा, रूदल राय, विनोद सिंह, कृष्णा पटेल, प्रियरंजन पटेल, शिवशंकर निषाद, यासमीन खान और राजेन्द्र सिंह जॉर्ज सहित बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


नरोत्तम की रिपोर्ट