Bihar Traffic: रेड लाइट तोड़ी या बिना हेलमेट निकले तो होगी तुरंत कार्रवाई, बिहार में हाईटेक ट्रैफिक सिस्टम,500 चौक-चौराहों पर डिजिटल निगरानी, सावधान
Bihar Traffic: बिहार में अब ट्रैफिक नियम तोड़ना वाहन चालकों के लिए भारी पड़ने वाला है। सड़कों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए राज्य सरकार अगस्त महीने से इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) लागू करने जा रही है। इस आधुनिक व्यवस्था के लागू होने के बाद ट्रैफिक नियमों की निगरानी इंसानों के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कैमरों के जिम्मे होगी।
राज्य के पटना समेत सभी जिलों में इस सिस्टम को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। इसके लिए बिहारभर के करीब 500 सबसे अधिक भीड़-भाड़ वाले चौक-चौराहों का चयन किया गया है। यहां अत्याधुनिक सर्विलांस कैमरे, ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन कैमरे और रेड लाइट वायलेशन डिटेक्शन सिस्टम लगाए जाएंगे।
नई व्यवस्था में सड़क पर वाहन की हरकतों पर डिजिटल निगरानी रखी जाएगी। यदि कोई चालक तेज रफ्तार से वाहन चलाता है, रेड लाइट तोड़ता है, गलत लेन में गाड़ी चलाता है या बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के पकड़ा जाता है, तो AI कैमरा तुरंत वाहन का नंबर स्कैन कर लेगा और सिस्टम अपने आप ई-चालान जारी कर देगा।
इस तकनीक की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता मिलेगी। एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसे जरूरी वाहनों के आने पर ट्रैफिक सिग्नल खुद-ब-खुद ग्रीन हो जाएगा, जिससे उन्हें बिना रुकावट रास्ता मिल सकेगा। इससे गंभीर मरीजों और आपदा की स्थिति में समय बचाने में मदद मिलेगी।
राजधानी पटना में करीब 50 प्रमुख स्थानों पर AI कैमरे लगाए जाएंगे। इनमें करगिल चौक, डाकबंगला चौराहा, बोरिंग रोड, बेली रोड और हड़ताली मोड़ जैसे व्यस्त इलाके शामिल हैं। इसके अलावा मुजफ्फरपुर, भागलपुर, बिहारशरीफ, गया, दरभंगा और पूर्णिया जैसे प्रमुख शहरों में भी यह व्यवस्था लागू होगी।
सिर्फ शहरों तक सीमित नहीं रहेगा ITMS का दायरा। सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए पटना-बख्तियारपुर-मोकामा एनएच, पटना-डोभी-गया एनएच, पटना-मुजफ्फरपुर एनएच और आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे के प्रमुख जंक्शनों और टोल प्लाजा पर भी आधुनिक कैमरे और सेंसर लगाए जाएंगे।
सरकार का दावा है कि इस तकनीक से ट्रैफिक जाम कम होगा, सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और नियम तोड़ने वालों पर प्रभावी कार्रवाई हो सकेगी। हालांकि, आम लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि नई व्यवस्था के बाद वाहन चालकों को अब हर समय ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करना होगा, क्योंकि सड़क पर होने वाली हर गलती AI की नजर से बच नहीं पाएगी।