Darbhanga to Mumbai Flight: दरभंगा से मुंबई के लिए 1 जुलाई से नई उड़ान, जानिए फ्लाइट का समय और किराया
Darbhanga to Mumbai Flight: 1 जुलाई से दरभंगा से मुंबई के लिए नई उड़ान शुरु हो रही है। फ्लाइट का किराया तय हो गया है और 1 जुलाई से आम लोग इसका आनंद ले सकेंगे। इससे मिथिलांचल से मुंबई यात्रा करने वालों को बड़ी राहत मिलेगी।
Darbhanga to Mumbai Flight: मिथिलांचल से मुंबई की हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अकासा एयर पहली जुलाई से मुंबई-दरभंगा-मुंबई रूट पर अपनी नई फ्लाइट शुरू करने जा रही है। यह फ्लाइट रोजाना संचालित होगी। 180 सीटों वाले इस विमान की सभी सीटें इकोनॉमी क्लास की होंगी। शुरुआती दिनों में इसका किराया करीब पांच हजार रुपये तय किया गया है।
वर्तमान में 6 जोड़ी उड़ानें
अब तक इस रूट पर केवल स्पाइसजेट की ही फ्लाइट चल रही थी। अकासा एयर की एंट्री से यात्रियों को दूसरा विकल्प मिलेगा और किराए में भी कमी आने की संभावना है। वर्तमान में दरभंगा एयरपोर्ट से कुल छह जोड़ी फ्लाइटें संचालित हो रही हैं।
फ्लाइट का शेड्यूल
क्यूपी 1529: मुंबई से दरभंगा के लिए सुबह 10:55 बजे रवाना, दोपहर 1:30 बजे पहुंचेगी। क्यूपी 1530: दरभंगा से मुंबई के लिए दोपहर 2:10 बजे रवाना, शाम 4:45 बजे पहुंचेगी।
यात्रियों और कारोबार को होंगे ये फायदे
यात्रियों को अधिक विकल्प मिलने से किराया कम होने की संभावना है। यात्री ढाई घंटे में मुंबई से दरभंगा की दूरी तय कर लेंगे जिससे समय की बचत होगी। वहीं इससे मखाना समेत अन्य एग्रोप्रोडक्ट्स के व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही दोनों शहरों के बीच पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा। इससे रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।