बिहार में जहरीली शराब पीने से फिर एक की मौत! दो लोगों की हालत गंभीर, सप्लायर की तलाश में छापेमारी तेज

Bihar hooch tragedy:बिहार में एक बार फिर जहरीली शराब के साए ने दहशत फैला दी है।...

Motihari Suspicious Death
बिहार में जहरीली शराब पीने से फिर एक की मौत!- फोटो : reporter

Bihar hooch tragedy: बिहार में एक बार फिर जहरीली शराब के साए ने दहशत फैला दी है। मोतीहारी में रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बलगंगा और तुरकौलिया इलाके से सामने आई संदिग्ध घटनाओं ने पूरे जिले को हिला कर रख दिया है। एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि दो लोग अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।

ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि यह मामला जहरीली शराब या स्प्रिट सेवन से जुड़ा हो सकता है। इलाजरत लोहा सिंह ने बताया कि रात में स्प्रिट पीने के बाद अचानक उनकी आंखों की रोशनी चली गई और तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मृतक की पहचान चंदू (पिता: सुरेश प्रसाद) के रूप में हुई है, जबकि लोहा ठाकुर और लड्डू साह उर्फ जितेंद्र शाह का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है, लेकिन घटना ने इलाके में खौफ और बेचैनी पैदा कर दी है।

यह पहला मामला नहीं है तीन वर्ष पूर्व भी तुरकौलिया, हरसिद्धि, रघुनाथपुर और सुगौली थाना क्षेत्रों में जहरीली शराब पीने से आधा दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। ऐसे में एक बार फिर यह घटना प्रशासन और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

मोतीहारी के एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। शराब बेचने वाले की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। ALTF और FSL की टीमें मौके पर तैनात हैं, जबकि SDM और SDPO खुद इलाके में कैंप कर रहे हैं।

पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर कब तक जहरीली शराब का यह काला कारोबार लोगों की जान लेता रहेगा? फिलहाल प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं, लेकिन पीड़ित परिवारों के लिए यह हादसा कभी न भरने वाला जख्म बन गया है।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार