Bihar Politics: तेजस्वी यादव चाहते थे कि तेज प्रताप चुनाव हार जाएं? आकाश यादव के बड़े खुलासे से बिहार की सियासत में हलचल

Bihar Politics: बिहार की सियासत में लालू परिवार के भीतर जारी राजनीतिक खींचतान एक बार फिर चर्चा में आ गई है।...

तेजस्वी यादव चाहते थे कि तेज प्रताप चुनाव हार जाएं?- फोटो : X

Bihar Politics: बिहार की सियासत में लालू परिवार के भीतर जारी राजनीतिक खींचतान एक बार फिर चर्चा में आ गई है। अनुष्का यादव और तेज प्रताप यादव प्रकरण के बाद अब आकाश यादव ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और उनके परिवार को लेकर कई चौंकाने वाले दावे किए हैं। नेहा सिंह राठौड़ के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान आकाश यादव ने दावा किया कि तेजस्वी यादव चाहते थे कि उनके बड़े भाई तेज प्रताप यादव विधानसभा चुनाव हार जाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस सियासी मंसूबे को पूरा करने के लिए जगदानंद सिंह को मोहरा बनाया गया और उनकी राजनीतिक बलि चढ़ा दी गई।

आकाश यादव ने बातचीत में कहा कि 2015 से 2019 के बीच बिहार में तेज प्रताप यादव की लोकप्रियता काफी अधिक थी। उस वक्त लोग उन्हें ज्यादा पहचानते थे। उनके मुताबिक, तेजस्वी यादव को वर्ष 2015 में राजनीति में आगे बढ़ाया गया। आकाश ने जगदानंद सिंह के साथ पुराने विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा था कि आकाश कभी उनकी पार्टी में थे ही नहीं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर ऐसा था तो पार्टी के कार्यक्रमों, छात्र राजनीति की बैठकों और चुनाव प्रचार में उन्हें जिम्मेदारी क्यों दी जाती थी?

आकाश का आरोप है कि तेजस्वी यादव और उनकी टीम को आशंका थी कि तेज प्रताप के साथ रहने पर वह बिहार में अपनी अलग राजनीतिक पहचान मजबूत कर सकते हैं। इसी वजह से जगदानंद सिंह को आगे कर उन्हें छात्र राजद के प्रदेश अध्यक्ष पद से हटवाया गया। उन्होंने यह घटनाक्रम 2020 के विधानसभा चुनाव के बाद का बताया।

आकाश यादव ने यह भी दावा किया कि लालू प्रसाद यादव ने उन्हें रांची बुलाकर तेज प्रताप को हसनपुर से चुनाव जिताने की जिम्मेदारी दी थी। उनके मुताबिक, तेज प्रताप ने वहां से अच्छे अंतर से जीत हासिल की। आकाश ने आरोप लगाया कि जीत के बाद उन्हें सम्मान मिलने के बजाय पद से हटा दिया गया। उन्होंने पशुपति पारस के साथ अपने जुड़ाव और छह साल बाद निष्कासन का जिक्र करते हुए भी सियासी दबाव का दावा किया। हालांकि, ये सभी आरोप आकाश यादव के अपने बयान हैं, जिनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।