Bihar Women Controversy:बिहार की महिलाओं के सिंदूर पर भद्दी टिप्पणी कर फंसा कॉमेडियन यश माहेश्वरी, मांगी सार्वजनिक माफी

Bihar Women Controversy: बिहार की महिलाओं के सिंदूर पर अश्लील टिप्पणी करना स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी को भारी पड़ गया है। ...

Bihar Women Controversy:बिहार की महिलाओं के सिंदूर पर भद्दी
बिहार की महिलाओं के सिंदूर पर भद्दी टिप्पणी- फोटो : X

Bihar Women Controversy: बिहार की महिलाओं के सिंदूर पर अश्लील टिप्पणी करना स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी को भारी पड़ गया है। सोशल मीडिया पर उनका विवादित वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में जबरदस्त नाराजगी है। यूजर्स ने इसे बिहार की महिलाओं की अस्मिता, सम्मान और धार्मिक आस्था का अपमान बताते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामला बढ़ने के बाद कॉमेडियन ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए कहा कि उनका मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। उन्होंने भविष्य में इस तरह की टिप्पणी नहीं करने का भरोसा भी दिया है।

जानकारी के मुताबिक, यश माहेश्वरी ने 21 नवंबर को अपने यूट्यूब चैनल पर स्टैंडअप कॉमेडी का एक वीडियो अपलोड किया था। बताया जा रहा है कि यह कार्यक्रम दिल्ली-एनसीआर में आयोजित एक शो का हिस्सा था। इसी दौरान उन्होंने बिहार की महिलाओं की मांग में लगे सिंदूर की लंबाई को लेकर बेहद भद्दा मजाक किया। उन्होंने सिंदूर की तुलना पुरुषों के निजी अंग से कर दी। वीडियो में उनकी टिप्पणी पर कुछ दर्शकों के हंसने की आवाज भी सुनाई देती है। हालांकि, वीडियो के सोशल मीडिया पर प्रसारित होते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।

बिहार के लोगों ने कॉमेडियन को निशाने पर लेते हुए पुलिस और प्रशासन से शिकायत दर्ज करने तथा मुकदमा चलाने की मांग की है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स बिहार पुलिस को टैग कर कार्रवाई की गुहार लगा रहे हैं। बीजेपी नेत्री रितु जायसवाल ने भी इस टिप्पणी पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व की आस्था और अस्मिता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

विवाद बढ़ने पर यश माहेश्वरी ने माफी मांगते हुए अपनी सफाई पेश की। बताया जाता है कि वह राजस्थान के रहने वाले हैं। उनके यूट्यूब चैनल पर करीब 29 हजार सब्सक्राइबर हैं। इंस्टाग्राम अकाउंट बंद बताया जा रहा है। फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।