Bihar Waterways:बिहार की नदियों में दौड़ेंगे जहाज! माल ढुलाई और यात्री परिवहन की तैयारी तेज

Bihar Waterways: बिहार की नदियां अब सिर्फ सिंचाई और जल संसाधन का जरिया नहीं रहेंगी, बल्कि आने वाले वक्त में इनके जरिए माल ढुलाई और यात्री परिवहन की राह भी खुल सकती है।...

Bihar Waterways:बिहार की नदियों में दौड़ेंगे जहाज! माल ढुलाई
बिहार की नदियों में दौड़ेंगे जहाज! - फोटो : X

Bihar Waterways: बिहार की नदियां अब सिर्फ सिंचाई और जल संसाधन का जरिया नहीं रहेंगी, बल्कि आने वाले वक्त में इनके जरिए माल ढुलाई और यात्री परिवहन की राह भी खुल सकती है। राज्य सरकार नदियों की इस अनछुई क्षमता को विकसित करने की तैयारी में जुट गई है। इसके लिए बिहार का स्टेट मैरीटाइम एंड वाटरवेज मास्टर प्लान तैयार कराया जाएगा। इस पहल से राज्य में जल परिवहन की नई तस्वीर सामने आने की उम्मीद है। अगर योजना जमीन पर उतरती है तो नदियों के रास्ते व्यापारिक सामान और यात्रियों की आवाजाही का नया विकल्प मिल सकेगा।

इस मास्टर प्लान के जरिए बिहार में मौजूद नदियों और जलमार्गों की मौजूदा स्थिति का मुकम्मल आकलन किया जाएगा। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि किन नदियों में व्यावसायिक माल ढुलाई और यात्री परिवहन की गुंजाइश है। इसके लिए जलमार्गों की गहराई, भौगोलिक बनावट, परिवहन क्षमता और जरूरी बुनियादी सुविधाओं का अध्ययन किया जाएगा। परिवहन विभाग ने इस अहम परियोजना के लिए सलाहकार चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक एजेंसियों से आठ दिसंबर तक प्रस्ताव मांगे गए हैं। चयनित सलाहकार जलमार्गों की संभावनाओं का सर्वेक्षण कर उनके विकास की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने में मदद करेगा।

दरअसल, बिहार में गंगा समेत कई नदियों का विस्तृत नेटवर्क मौजूद है। इन नदियों का बेहतर इस्तेमाल होने से सड़क परिवहन पर निर्भरता कम करने का विकल्प तैयार हो सकता है। भारी वाहनों के दबाव में कमी आने से सड़कों पर यातायात का बोझ घटाने में भी मदद मिल सकती है। वहीं, जलमार्गों के जरिए यात्रियों को आवागमन का एक अतिरिक्त साधन उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे व्यापार, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी रफ्तार मिलने की संभावना है।

हालांकि, इस ख्वाब को हकीकत बनाने के लिए बड़े निवेश, घाट, टर्मिनल, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आधारभूत सुविधाओं की जरूरत होगी। फिलहाल मास्टर प्लान की तैयारी शुरुआती दौर में है। इसकी रिपोर्ट से ही तय होगा कि किन नदियों को परिवहन के लिए विकसित करना मुनासिब होगा।