रॉन्ग साइड से आ रही सरकारी एम्बुलेंस ने ऑटो में जोरदार टक्कर, दो महिला सहित 5 शिकार
रॉन्ग साइड से आ रही एक सरकारी एम्बुलेंस ने सामने से ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में ऑटो सवार दो महिला समेत चार लोग और एम्बुलेंस चालक घायल हो गए।
Bihar News : पटना के नौबतपुर के गोनवां ओपी क्षेत्र अंतर्गत बिहटा-सरमेरा रोड पर गोनवां गांव के समीप शनिवार को रॉन्ग साइड से आ रही एक सरकारी एम्बुलेंस ने सामने से ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में ऑटो सवार दो महिला समेत चार लोग और एम्बुलेंस चालक घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गयी।
घायलों की पहचान मनेर थाना क्षेत्र के महिनावां गांव निवासी ऑटो चालक मुकेश कुमार, बसंती देवी, चिंता देवी सहित ऑटो पर सवार अन्य लोगों के रूप में हुई है। वहीं, इस दुर्घटना में बिहटा रेफरल अस्पताल की एम्बुलेंस का चालक सौरभ भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। जानकारी के अनुसार, ऑटो पर सवार सभी लोग मनेर से नौबतपुर बाजार में आयोजित एक शादी समारोह में खाना बनाने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान डिलीवरी पेशेंट को छोड़कर लौट रही सरकारी एम्बुलेंस कथित तौर पर रॉन्ग साइड से आ रही थी और गोनवां गांव के पास ऑटो से जा टकराई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और लोगों ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम और गोनवां ओपी प्रभारी मंजीत कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी जख्मियों को एम्बुलेंस के माध्यम से तत्काल इलाज के लिए नौबतपुर रेफरल अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों की देखरेख में सभी घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त एम्बुलेंस और ऑटो को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
सुमित की रिपोर्ट