प्रधानमंत्री के बाद अब बिहार आएंगे अमित शाह, 11 दिसंबर को देंगे बड़ा तोहफा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार आ रहे हैं. पीएम मोदी के बिहार आगमन के बाद गृह मंत्री अमित शाह भी बिहार आएंगे उनके बिहार आगमन के दौरान राज्य को कई बड़े तोहफे मिलने की उम्मीद है जो विकास और रोजगार की दिशा में अहम होगा
Bihar News : बिहार में प्रधानमंत्री के दौरे के बाद अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी आने वाले हैं। बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान ने बताया कि अमित शाह 11 दिसंबर को बिहार दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे चीनी मिल से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होंगे। हालांकि, मंत्री ने अपने बयान में कार्यक्रम स्थल और संबंधित चीनी मिल का नाम स्पष्ट नहीं किया है।
मंत्री संजय पासवान ने कहा कि राज्य में गन्ना उद्योग को बढ़ावा देने और किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में गन्ना विकास रथ रवाना किया गया है। यह रथ बिहार के विभिन्न जिलों में जाएगा और किसानों के बीच जागरूकता अभियान चलाएगा।
किसानों को मिलेगी योजनाओं की जानकारी
गन्ना विकास रथ के माध्यम से किसानों को नुक्कड़ नाटक और दूसरे जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए बताया जाएगा कि राज्य सरकार गन्ना किसानों के लिए कौन-कौन सी योजनाएं चला रही है। साथ ही, जिन योजनाओं पर फिलहाल काम हो रहा है और आने वाले दिनों में सरकार जिन नई योजनाओं को लागू करने की तैयारी कर रही है, उनकी जानकारी भी किसानों तक पहुंचाई जाएगी।
मंत्री ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य किसानों को गन्ने की खेती और उससे जुड़े सरकारी प्रयासों के प्रति जागरूक करना है, ताकि राज्य में गन्ना उत्पादन और चीनी उद्योग को मजबूती मिल सके।
नई चीनी मिल शुरू करने की तैयारी में सरकार
संजय पासवान ने बताया कि बिहार में फिलहाल 10 चीनी मिलें चल रही हैं। इसके अलावा अन्य क्षेत्रों में भी चीनी मिल शुरू करने को लेकर सरकार ने प्राथमिकता तय कर ली है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द राज्य में नई चीनी मिल भी शुरू की जाएगी।
सरकार का जोर गन्ना किसानों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने, चीनी मिलों की संख्या बढ़ाने और गन्ना उद्योग को गति देने पर है। अमित शाह का प्रस्तावित दौरा भी इसी क्षेत्र से जुड़े कार्यक्रम के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अभिजीत की रिपोर्ट