Anant Singh: कानूनी चुनौतियों के बीच अनंत सिंह का नया दांव, ७ दिनों की समयसीमा खत्म होने से पहले विधानसभा सचिवालय से मांगी अतिरिक्त मोहलत

Anant Singh: मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी नोटिस का जवाब देने के लिए अतिरिक्त समय मांगा है। ...

बेटी की शादी का हवाला देकर अनंत सिंह ने बढ़ाया सियासी पारा- फोटो : X

Anant Singh: मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी नोटिस का जवाब देने के लिए अतिरिक्त समय मांगा है। बताया जा रहा है कि बेटी की शादी के चलते उन्होंने फिलहाल नोटिस का जवाब देने में असमर्थता जताई है। इस संबंध में अनंत सिंह ने विधानसभा सचिवालय को पत्र लिखकर जवाब दाखिल करने के लिए कुछ और समय देने का अनुरोध किया है। दरअसल, पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के मामले को लेकर विधानसभा सचिवालय की ओर से अनंत सिंह को नोटिस जारी किया गया था। इस नोटिस के माध्यम से उन्हें सात दिनों के भीतर अपना पक्ष रखने और जवाब देने का निर्देश दिया गया था। विधानसभा की ओर से जारी नोटिस के बाद राजनीतिक हलकों में भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई थी।

इसी बीच अनंत सिंह ने अपनी पारिवारिक व्यस्तता का हवाला देते हुए विधानसभा सचिवालय से समय बढ़ाने की मांग की है। उनकी बेटी की शादी 25 नवंबर को निर्धारित है। ऐसे में शादी की तैयारियों और पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण वह फिलहाल नोटिस का जवाब देने के लिए अतिरिक्त समय चाहते हैं।

अनंत सिंह की ओर से पत्र भेजे जाने के बाद अब विधानसभा सचिवालय के निर्णय पर नजर रहेगी। सचिवालय उन्हें अतिरिक्त समय देता है या निर्धारित समयसीमा के भीतर जवाब दाखिल करने का निर्देश बरकरार रखता है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।

गौरतलब है कि अनंत सिंह इन दिनों दुलारचंद यादव हत्याकांड में सरेंडर और अपनी राजनीतिक भविष्य की रणनीति को लेकर भी चर्चा में हैं। ऐसे में विधानसभा सचिवालय के नोटिस और उसके जवाब को लेकर आगे की कार्रवाई राजनीतिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

रिपोर्ट- अभिजीत कुमार सिंह