बिहार की सियासत में प्रशांत किशोर का नया दांव, मुस्लिम के साथ अब इस जाति संग बनाएंगे नया गठजोड़

प्रशांत किशोर ने कहा कि मुस्लिम समुदाय ब्राह्मणों का विरोधी नहीं है और न ही उसे आरक्षण व्यवस्था का कोई विशेष लाभ मिल रहा है। ऐसे में ब्राह्मणों को मुस्लिमों के साथ-साथ अति पिछड़ा वर्ग के लोगों से भी अपने संबंध बेहतर करने चाहिए।

Prashant Kishor
Prashant Kishor- फोटो : news4nation

बिहार की सियासत में जाति की राजनीति को आगे बढ़ाते हुए जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने अपनी पार्टी के लिए एक नया दांव चला है। उन्होंने ब्राह्मणों को मुस्लिम और अति पिछड़ा वर्ग के साथ अपने पुराने सामाजिक रिश्ते फिर से मजबूत करने की सलाह दी है। प्रशांत किशोर का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के साथ राजनीतिक रूप से जुड़कर ब्राह्मणों ने बेवजह मुस्लिम समुदाय से दूरी बना ली है। उन्होंने दावा किया कि इससे ब्राह्मणों का राजनीतिक प्रभाव भी कमजोर हुआ है।


अपने बयान में प्रशांत किशोर ने बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के उस आरोप का भी जवाब दिया, जिसमें उन्हें पुराने सामाजिक समीकरणों को पुनर्जीवित करने की बात कहने पर कांग्रेस की 'बी टीम' बताया गया था। किशोर ने पलटवार करते हुए कहा कि मिथिलेश तिवारी जरूरत से ज्यादा होशियार बनने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी बात उन लोगों के सामने रखी थी, जो ब्राह्मणों के घटते राजनीतिक प्रभाव को लेकर चिंतित थे।


बांकीपुर के विधायक प्रशांत किशोर ने कहा कि ब्राह्मण समुदाय के लोग आज भी लोकसभा और विधानसभा में अपनी ही जाति के प्रतिनिधियों को चुनते हैं, इसके बावजूद उनका राजनीतिक प्रभाव घटा है। उन्होंने कहा कि एक समय ब्राह्मणों और मुस्लिमों के बीच सामाजिक गठजोड़ हुआ करता था, लेकिन हाल के वर्षों में ब्राह्मण बीजेपी के साथ खड़े हो गए और सोशल मीडिया पर अल्पसंख्यक समुदाय के खिलाफ टिप्पणी करने लगे।


प्रशांत किशोर ने कहा कि मुस्लिम समुदाय ब्राह्मणों का विरोधी नहीं है और न ही उसे आरक्षण व्यवस्था का कोई विशेष लाभ मिल रहा है। ऐसे में ब्राह्मणों को मुस्लिमों के साथ-साथ अति पिछड़ा वर्ग के लोगों से भी अपने संबंध बेहतर करने चाहिए। उन्होंने पारंपरिक विवाह समारोहों का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले शादी-विवाह में पुरोहित जितना महत्वपूर्ण होता था, उतनी ही अहम भूमिका नाई की भी होती थी।


पीएम मोदी के बिहार दौरे पर भी साधा निशाना

प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी बिहार दौरे को लेकर भी उम्मीद जताई कि वे राज्य में आई भीषण बाढ़ का मुद्दा उठाएंगे। उन्होंने कहा कि इस साल बिहार में पिछले कई वर्षों की तुलना में सबसे विनाशकारी बाढ़ आई, लेकिन प्रधानमंत्री ने अब तक पीड़ितों के प्रति संवेदना का एक शब्द भी नहीं कहा है। 21 नवंबर को वैशाली जिले के दौरे के दौरान प्रधानमंत्री के पास बाढ़ पीड़ितों के प्रति चिंता जताने का अवसर होगा।


उन्होंने बिहार की बेरोजगारी और पलायन के मुद्दे पर भी एनडीए सरकार को घेरा। प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार की लगातार बनी हुई इन समस्याओं का सरकार के पास कोई समाधान नहीं है। दिवाली और छठ के दौरान ट्रेनों में उमड़ी भारी भीड़ का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि यह स्थिति सम्राट चौधरी सरकार के एक करोड़ रोजगार देने के दावे की पोल खोलती है।