Bihar News : उस्ताद बिस्मिल्लाह खां ट्रस्ट ने की पहल, आर. के. सिन्हा की स्मृति में 'पत्रकारिता सम्मान' का किया ऐलान, 2027 से होगी शुरूआत

Bihar News : उस्ताद बिस्मिल्लाह खां ट्रस्ट ने पत्रकारिता व लेखन की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित करने का फैसला किया है. ट्रस्ट ने आर. के. सिन्हा की स्मृति में दिए जाने वाले 'पत्रकारिता सम्मान' का ऐलान किया है

पत्रकारिता सम्मान का ऐलान - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA :- वरिष्ठ पत्रकार, लेखक, एसआईएस समूह के संस्थापक एवं भाजपा के संस्थापक सदस्य स्व. रविंद्र किशोर सिन्हा (आर. के. सिन्हा) के योगदान को चिरस्थायी बनाने के लिए आगामी वर्ष 2027 से प्रतिवर्ष 'आर. के. सिन्हा पत्रकारिता सम्मान' प्रदान किया जाएगा। यह घोषणा शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्लाह खां ट्रस्ट के अध्यक्ष व लेखक मुरली मनोहर श्रीवास्तव ने की। ट्रस्ट द्वारा यह पुरस्कार पत्रकारिता और साहित्यिक लेखन में उल्लेखनीय कार्य करने वाली विभूतियों को समर्पित किया जाएगा।

ट्रस्ट से था गहरा नाता, मुख्य संरक्षक की स्मृति में सम्मान

मुरली मनोहर श्रीवास्तव ने स्व. सिन्हा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे केवल एक सफल उद्यमी या पत्रकार ही नहीं, बल्कि लाखों परिवारों के अभिभावक थे, जिन्होंने अपने जीवनकाल में अनगिनत कलमकारों और जरूरतमंदों को संबल प्रदान किया। वर्ष 2022 में पटना के एक समारोह में ट्रस्ट ने उन्हें 'लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड' से नवाजा था, जिसके बाद उन्होंने ट्रस्ट के मुख्य संरक्षक का दायित्व स्वीकार किया था। ट्रस्ट ने अपने उसी मार्गदर्शक के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने हेतु यह सम्मान शुरू करने का निर्णय लिया है।

ऋतुराज सिन्हा के नेतृत्व में आगे बढ़ रही विरासत

ट्रस्ट के अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि एसआईएस समूह के निदेशक एवं स्व. सिन्हा के सुपुत्र ऋतुराज सिन्हा अपने पिता के सामाजिक सरोकारों, उद्यमिता और जनसेवा के संकल्पों को पूरी कुशलता से नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऋतुराज सिन्हा के मार्गदर्शन और सहयोग से यह पत्रकारिता सम्मान राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशेष पहचान स्थापित करेगा और स्व. सिन्हा की विचारधारा को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने में सेतु का काम करेगा।

जन्मभूमि बक्सर से आत्मीय लगाव, शीघ्र आएगी जीवनी

स्व. सिन्हा के निकट सहयोगी रहे श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि सिन्हा साहब के जीवन पर आधारित एक प्रामाणिक बायोग्राफी पूरी हो चुकी है और जल्द ही पाठकों के बीच होगी। इस पुस्तक के शोध और लेखन के दौरान स्वयं आर. के. सिन्हा ने उन्हें दिल्ली, देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, वाराणसी, पटना और बक्सर की यात्राएं कराई थीं। उन्होंने वर्ष 2024 के संस्मरण साझा करते हुए बताया कि बक्सर जिले की महान विभूतियों की जन्मस्थलियों के भ्रमण के दौरान स्व. सिन्हा अपनी मातृभूमि के प्रति बेहद भावुक और प्रसन्न नजर आए थे। श्रीवास्तव ने कहा कि वे ऋतुराज सिन्हा और ट्रस्ट के साथ मिलकर स्व. सिन्हा की अप्रकाशित कृतियों व विचारों को समाज में जीवंत रखने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। गौरतलब है कि श्रीवास्तव इससे पूर्व उस्ताद बिस्मिल्लाह खां पर पुस्तक लेखन, उनकी स्मृति में राजकीय समारोह की शुरुआत और डुमरांव में संगीत महाविद्यालय की स्थापना जैसी महत्वपूर्ण सांस्कृतिक उपलब्धियों में अहम भूमिका निभा चुके हैं।