अरिस्टो फार्मा के MD भोला बाबू ने की CM सम्राट चौधरी से मुलाकात, बिहार में निवेश को लेकर जताई बड़ी संभावना

अरिस्टो फार्मा के प्रबंध निदेशक उमेश शर्मा उर्फ़ भोला बाबू ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की. दोनों की इस मुलाकात को बिहार में निवेश और उद्योग को विकास देने की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

Bhola Babu met Samrat Chaudhary- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार के जहानाबाद से निकलकर देश के बड़े उद्योगपतियों में अपनी पहचान बनाने वाले उमेश शर्मा उर्फ भोला बाबू ने शनिवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। राजधानी पटना में हुई इस मुलाकात के दौरान बिहार में उद्योग, निवेश और युवाओं के रोजगार को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने सीएम सम्राट चौधरी को पुष्प गुच्छ और शॉल देकर अभिनंदन किया। 


Aristo Pharma के प्रबंध निदेशक उमेश शर्मा ने मुख्यमंत्री को बिहार की कमान संभालने पर बधाई दी और उनके नेतृत्व में राज्य के सर्वांगीण विकास की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बिहार में प्रतिभा और मानव संसाधन की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल सही दिशा और बेहतर औद्योगिक माहौल की है।


मूल रूप से जहानाबाद जिले से आने वाले भोला बाबू लंबे समय से देश की फार्मा इंडस्ट्री में बड़ा नाम माने जाते हैं। उन्होंने अपने संघर्ष और व्यावसायिक दृष्टिकोण के दम पर अरिस्टो फार्मा को देश की प्रमुख दवा कंपनियों में शामिल किया। बिहार से गहरा जुड़ाव रखने वाले भोला बाबू लगातार राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कार्यों से जुड़े रहे हैं।


मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से हुई मुलाकात में उन्होंने बिहार को उद्योग और निवेश के लिए अनुकूल राज्य बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं में अपार क्षमता है और यदि उन्हें स्थानीय स्तर पर अवसर मिलें तो राज्य आर्थिक रूप से तेजी से आगे बढ़ सकता है। उन्होंने राज्य के मानव संसाधन को “श्रम शक्ति” के रूप में विकसित करने और उद्योगों से जोड़ने के लिए भी अपने सुझाव दिए।


मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी उद्योगपति उमेश शर्मा को भरोसा दिलाया कि बिहार को विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए सरकार तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि निवेशकों के लिए राज्य में सकारात्मक माहौल तैयार किया जाएगा और उद्योगपतियों के लिए “रेड कारपेट” नीति के तहत सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अरिस्टो फार्मा द्वारा बिहार में कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत किए जा रहे कार्यों की सराहना भी की।