Bihar News : बेतिया में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर लोगों ने किया पथराव, दो पुलिसकर्मी और एक नगर निगम कर्मी हुआ जख्मी, पुलिस प्रशासन ने संभाला मोर्चा
बेतिया के जीएमसीएच अस्पताल रोड में अतिक्रमण हटाने गई पुलिस पर असामाजिक तत्वो ने पथराव कर दिया. इस घटना में दो पुलिस कर्मी व नगर निगम का एक कर्मचारी जख्मी हो गए......पढ़िए आगे
BETTIAH : पश्चिम चम्पारण के बेतिया नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जीएमसीएच अस्पताल रोड में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अतिक्रमण हटाने गई पुलिस और नगर निगम की टीम पर असामाजिक तत्वों ने अचानक पथराव कर दिया। इस हिंसक झड़प में दो पुलिसकर्मी और एक नगर निगम का कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए बेतिया जीएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। घायलों में महिला पुलिसकर्मी खुशबू कुमारी, एक अन्य जवान और नगर निगम कर्मी जुलम शाह शामिल हैं।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सूचना मिलते ही बेतिया सदर एसडीएम विकास कुमार, एसडीपीओ अजीत कुमार और टाउन थानाध्यक्ष धीरज कुमार भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने सूझबूझ से काम लेते हुए तुरंत स्थिति को नियंत्रित किया और उपद्रवियों को खदेड़कर अस्पताल रोड को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त कराया। घटनास्थल पर फिलहाल भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए एसडीएम विकास कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन और सरकार के सख्त गाइडलाइंस के अनुसार अस्पताल रोड को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त कराया जाना है, ताकि मरीजों को लाने-ले जाने वाली एम्बुलेंस बिना किसी बाधा के आसानी से अस्पताल पहुंच सकें। इस रूट पर सुचारू यातायात बहाल करने के लिए पिछले 10 दिनों से यातायात पुलिस द्वारा लगातार माइकिंग कर दुकानदारों से खुद ही अतिक्रमण हटाने की अपील की जा रही थी, लेकिन इन लोगों ने प्रशासन की चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया।
एसडीएम ने आगे बताया कि आज जब नगर निगम और पुलिस की टीम नियमानुसार अतिक्रमण हटाने पहुंची, तो अवैध कब्जा जमाए दुकानदारों और कुछ असामाजिक तत्वों ने टीम पर जानलेवा पथराव कर दिया, जिसमें तीन कर्मी घायल हो गए। प्रशासन ने इस उपद्रव को बेहद गंभीरता से लिया है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पथराव करने वाले एक-एक उपद्रवी की पहचान की जा रही है। घायलों के बयान (फर्दबयान) के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जाएगी। पहचान सुनिश्चित होते ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा और सरकारी काम में बाधा डालने व हिंसा फैलाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आशीष की रिपोर्ट