Dussehra 2025: पटना के गांधी मैदान में आज धू-धूकर जलेगा 80 फीट का रावण, मेघनाद और कुंभकरण रिमोट दबाते ही होंगे खाक, सीएम नीतीश रहेंगे मौजूद, जानिए क्या रहेगा खास
Dussehra 2025: पटना के गांधी मैदान में आज 80 फीट का रावण, 75 फीट के मेघनाद और 70 फीट के कुभकरण के पुतलों का दहन किया जाएगा। इस दौरान सीएम नीतीश, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान सहित तमाम नेता-मंत्री शामिल होंगे।
Dussehra 2025: शारदीय नवरात्र आज दशहरा के साथ ही समाप्त हो जाएगा। देश भर में आज दशहरा की धूम है। जगह जगह पर रावण दहन का आयोजन किया जाएगा। पटना के गांधी मैदान में भी भव्य रावण दहन का आयोजन होगा। दशहरा को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो गई है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। गांधी मैदान में 80 फीट ऊंचे रावण, 75 फीट के मेघनाद और 70 फीट के कुंभकरण के पुतलों का दहन किया जाएगा। इन पुतलों को राजस्थानी और साउथ इंडियन दो अलग अलग सांस्कृतिक शैलियों के मिश्रण से तैयार किया गया है।
पुतलों का विशेष निर्माण
बता दें कि, आगरा के 15 कारीगरों ने इन विशाल पुतलों को तैयार किया है। पुतलों को मजबूती से खड़ा रखने के लिए लोहे की पाइप सीढ़ी लगाई गई है। इस बार खास बात यह है कि रावण को आग लगाने के लिए पास जाने की जरूरत नहीं होगी रिमोट दबाते ही पुतले धीरे-धीरे जलने लगेंगे। दहन के समय रावण की आंखों से अंगारे और कान-कंधों से रंगीन धुआं निकलेगा।
रावण दहन में खर्च होंगे 35 लाख रुपए
कमेटी के चेयरमैन कमल नोपानी ने बताया कि इस बार आकर्षक और इको-फ्रेंडली आतिशबाजी की जाएगी। जिससे प्रदूषण न हो। रावण दहन आयोजन पर कुल 35 लाख रुपये खर्च होंगे, जिनमें से 5 लाख रुपये केवल पटाखों पर खर्च किए जाएंगे।
दर्शकों और व्यवस्था की तैयारी
गांधी मैदान के सभी 12 गेट दर्शकों के लिए खोले जाएंगे। आम जनता की एंट्री गेट नंबर 4, 5, 6, 7, 8, 10 और 12 से होगी, जबकि मीडिया का प्रवेश गेट नंबर 13 से होगा। मौके पर कुल 103 दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी 49 स्थानों पर तैनात रहेंगे। सुरक्षा के लिए 128 सीसीटीवी कैमरे, 10 वॉच टावर, एक अस्थायी थाना, एक कंट्रोल रूम और ICCC सेंटर से मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है। SDRF की टीम और तीन क्विक रिस्पॉन्स यूनिट भी एक्टिव रहेंगी।
रोशनी और मेडिकल इंतजाम
गांधी मैदान को 136 एलईडी मेटल लाइट, 229 पोल लाइट और 15 हाईमास्ट लाइट से रोशन किया जाएगा। वहीं, आपात स्थिति के लिए 9 एम्बुलेंस और मेडिकल टीम के साथ नजदीकी अस्पतालों में कंट्रोल रूम बनाए गए हैं।