Patna Traffic: बेली रोड पर ट्रैफिक रोक फिलहाल टली, लाखों वाहन चालकों को बड़ी राहत,बारिश ने बदला मेट्रो का प्लान!
Patna Traffic: राजधानी पटना के सबसे व्यस्त बेली रोड पर आज से लागू होने वाला बड़ा ट्रैफिक बदलाव फिलहाल टाल दिया गया है। ...
Patna Traffic: राजधानी पटना के सबसे व्यस्त बेली रोड पर आज से लागू होने वाला बड़ा ट्रैफिक बदलाव फिलहाल टाल दिया गया है। मेट्रो निर्माण के चलते सड़क की एक लेन बंद कर यातायात व्यवस्था बदलने की तैयारी थी, लेकिन लगातार बारिश और मानसून को देखते हुए प्रशासन ने इस फैसले को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया है। इससे रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले करीब दो लाख वाहन चालकों को फिलहाल राहत मिल गई है।
ट्रैफिक प्रशासन के अनुसार, फिलहाल बेली रोड पर पहले से चल रहे मेट्रो निर्माण कार्य जारी रहेंगे, लेकिन वाहनों की आवाजाही पर कोई नई रोक नहीं लगेगी। इनकम टैक्स गोलंबर से चिड़ियाघर तक पांच स्थानों पर भूमिगत निर्माण के लिए घेराबंदी पहले की तरह बनी रहेगी, हालांकि दोनों लेन से यातायात सामान्य रूप से चलता रहेगा।दरअसल, प्रशासन ने आकलन किया कि यदि मानसून के दौरान बेली रोड की एक लेन बंद कर दी जाती तो शहर की पांच प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कई गुना बढ़ जाता। जलभराव और जाम की समस्या को देखते हुए फिलहाल यह फैसला टाल दिया गया है।
योजना के मुताबिक, चिड़ियाघर गेट नंबर-1 से इनकम टैक्स गोलंबर तक लगभग तीन वर्षों के लिए ऑटो, ई-रिक्शा और बसों के परिचालन पर रोक लगनी थी। पहले चरण में चिड़ियाघर गेट नंबर-1 से विकास भवन तक प्रतिबंध लागू होना था, जबकि दो से तीन महीने बाद इसे विकास भवन से इनकम टैक्स गोलंबर तक बढ़ाया जाना था। निजी वाहनों के लिए भी पटेल भवन से विकास भवन तक वन-वे व्यवस्था लागू करने की तैयारी थी।
इससे पहले 21 और 22 जून को ट्रैफिक व्यवस्था का ट्रायल प्रस्तावित था, लेकिन नीट परीक्षा के कारण उसे भी स्थगित कर दिया गया था। उस दौरान इस मार्ग पर बड़ी संख्या में परीक्षा केंद्र होने के कारण प्रशासन ने ट्रायल टालने का निर्णय लिया था।बेली रोड राजधानी की सबसे व्यस्त सड़कों में शामिल है। इस मार्ग से प्रतिदिन करीब 1.50 लाख से 2 लाख वाहन गुजरते हैं। इनमें लगभग 5 हजार ऑटो, 1 हजार ई-रिक्शा और 60 से अधिक बसें शामिल हैं। सुबह 9 बजे से 11:30 बजे तक और शाम 5:30 बजे से रात 8:30 बजे तक इस सड़क पर सबसे अधिक ट्रैफिक रहता है। ऐसे में लेन बंद होने की स्थिति में लोगों को भारी जाम का सामना करना पड़ सकता था।
मेट्रो परियोजना के तहत लॉन्चिंग शाफ्ट तैयार होने के बाद नवंबर में चार टनल बोरिंग मशीनें (टीबीएम) जमीन के भीतर उतारी जाएंगी। इनमें दो मशीनें पटना जंक्शन की ओर और दो रुकनपुरा की दिशा में भूमिगत सुरंग की खुदाई करेंगी। इसके बाद रैंप बनाकर पाटलिपुत्र स्टेशन के एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर को रुकनपुरा के अंडरग्राउंड ट्रैक से जोड़ा जाएगा। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल प्राथमिकता उन पुराने मेट्रो निर्माण कार्यों को पूरा करने की है, जो अंतिम चरण में हैं। इसके बाद ही बेली रोड पर अंडरग्राउंड निर्माण के अगले चरण और नई ट्रैफिक व्यवस्था की तिथि घोषित की जाएगी। तब तक वाहन चालकों को किसी अतिरिक्त ट्रैफिक प्रतिबंध का सामना नहीं करना पड़ेगा।