बांकीपुर उपचुनाव: बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा ने किया नामांकन, रोड शो के जरिए NDA ने दिखाया दम
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन एनडीए प्रत्याशी के तौर पर बीजेपी के नीरज सिन्हा ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपना पर्चा दाखिल किया। इस दौरान सीएम सम्राट चौधरी के साथ-साथ एनडीए के तमाम घटक दलों के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे....
Patna : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार नीरज सिन्हा ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपना पर्चा दाखिल कर दिया है। नीरज सिन्हा के नामांकन के दौरान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के कई दिग्गज नेता एकजुट नजर आए, जिनमें बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और कई वरिष्ठ नेता शामिल थे। नेताओं की इस मौजूदगी ने बांकीपुर की चुनावी लड़ाई को बेहद दिलचस्प बना दिया है।
नामांकन से पहले लिया भगवान और पूर्वजों का आशीर्वाद
नामांकन दाखिल करने से पहले बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा ने अपने दिन की शुरुआत धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों से की। वे सबसे पहले पंचरूपी हनुमान मंदिर पहुंचे, जहाँ उन्होंने विधि-विधान से पूजा-पाठ कर भगवान का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उनके साथ विधायक संजय गुप्ता और संजीव चौरसिया भी मौजूद रहे। इसके बाद नीरज सिन्हा नवीन सिन्हा स्मृति पार्क पहुंचे, जहाँ उन्होंने बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन के पूज्य पिता (दिवंगत नवीन सिन्हा) की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
रथ पर सवार होकर किया भव्य रोड शो
धार्मिक और औपचारिक कार्यक्रमों के बाद बीजेपी उम्मीदवार नीरज सिन्हा बीजेपी कार्यालय पहुंचे, जहां से वे एक विशेष रथ पर सवार होकर निकले। उनके निकलते ही बीजेपी और एनडीए कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ते हुए इस रोड शो में कार्यकर्ताओं ने अपने प्रत्याशी के समर्थन में और जीत के गगनभेदी नारे लगाए। पूरे रास्ते कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर दिखाई दिया।
रोड शो के जरिए NDA का बड़ा शक्ति प्रदर्शन
नीरज सिन्हा का यह रोड शो महज एक जुलूस नहीं, बल्कि बांकीपुर उपचुनाव से पहले एनडीए का एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन साबित हुआ। इस भव्य रोड शो में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद, जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी समेत एनडीए घटक दलों के शीर्ष नेता और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए, जिसने गठबंधन की एकजुटता को साफ तौर पर प्रदर्शित किया।
त्रिकोणीय और दिलचस्प हुआ मुकाबला
बांकीपुर सीट पर बीजेपी के कद्दावर नेताओं की मौजूदगी में हुए इस नामांकन से साफ है कि एनडीए इस सीट को बरकार रखने के लिए पूरी ताकत झोंक चुका है। जन सुराज के प्रशांत किशोर और अन्य प्रतिद्वंदियों के मैदान में होने से बांकीपुर का यह उपचुनाव अब बेहद हाई-प्रोफाइल और त्रिकोणीय मुकाबले में तब्दील हो चुका है, जिस पर पूरे बिहार की निगाहें टिकी हुई हैं।
वंदना की रिपोर्ट