नेतृत्व और विकास पर जनता का अटूट विश्वास, बांकीपुर विधानसभा सीट पर एनडीए प्रत्याशी की होगी प्रचंड जीत : मंगल पांडेय

बांकीपुर उपचुनाव के नामांकन की तिथि आज खत्म हो गई। सभी बड़े दलों के प्रत्याशियों ने नामांकन पर्चा भर दिया और अपनी-अपनी जीत का दावा किया है। इसी कड़ी बीजेपी के वरिष्ठ नेता मंगल पांडेय ने बांकीपुर जीत पर बीजेपी का कब्जा बरकरार रहने का दावा किया है...

नेतृत्व और विकास पर जनता का अटूट विश्वास, बांकीपुर विधानसभा
पूर्व मंत्री मंगल पांडेय (फाइल फोटो)- फोटो : सोशल मीडिया

Patna : पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मंगल पांडेय ने दावा किया है कि बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में एनडीए समर्थित भाजपा उम्मीदवार की ऐतिहासिक और प्रचंड जीत होने जा रही है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की राष्ट्रभक्त जनता ने एक बार फिर विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद के पक्ष में अपना मन पूरी तरह बना लिया है। जनता का झुकाव साफ तौर पर यह दर्शाता है कि क्षेत्र में डबल इंजन सरकार के कार्यों को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है।


पीएम नरेंद्र मोदी की नीतियों की सराहना

मंगल पांडेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की जनकल्याणकारी नीतियों और देश को परम वैभव पर ले जाने के संकल्प का असर आज बिहार के कोने-कोने में दिख रहा है। बांकीपुर की जनता प्रधानमंत्री के "सबका साथ, सबका विकास" के मूल मंत्र पर अटूट विश्वास रखती है और इसी विकासवादी सोच के आधार पर इस बार भी भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए तैयार है।


नितिन नवीन के विकास कार्यों को सराहा

संगठन और क्षेत्रीय विकास की मजबूती को रेखांकित करते हुए भाजपा नेता ने पूर्व विधायक और जननेता नितिन नवीन के कार्यों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन ने बांकीपुर के विधायक के रूप में क्षेत्र के विकास के लिए अनुकरणीय कार्य किए हैं। उन्होंने हर वर्ग के कल्याण और क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए जो प्रयास किए हैं, उसी का परिणाम है कि आज जनता स्वतः स्फूर्त होकर भाजपा के पक्ष में खड़ी है।


डबल इंजन सरकार की ताकत का मिल रहा लाभ

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन की प्रशंसा करते हुए मंगल पांडेय ने कहा कि राज्य सरकार बिहार को विकास और कानून व्यवस्था के नए शिखर पर ले जा रही है। एनडीए सरकार की डबल इंजन की ताकत का सीधा लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार देखने को मिला है।


विपक्ष के पास न नीति है, न नीयत

मंगल पांडेय ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पूर्ण विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि विपक्षी दलों के पास न तो कोई नीति है और न ही कोई साफ नीयत। बांकीपुर विधानसभा की जागरूक जनता विपक्ष के भ्रामक दावों को पूरी तरह नकार देगी और एनडीए-भाजपा उम्मीदवार को भारी मतों से विजयी बनाकर एक बार फिर सिर्फ और सिर्फ विकास की राजनीति पर अपनी मुहर लगाएगी।


प्रिय दर्शन की रिपोर्ट