Nitish Kumar Bihar Tour: समृद्धि यात्रा पर आज से निकलेंगे सीएम नीतीश कुमार, बेतिया से होगी शुरू होगा सफर, सियासी पैग़ाम के साथ लेंगे प्रशासनिक इम्तिहान

Nitish Kumar Bihar Tour: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार से समृद्धि यात्रा पर निकल रहे हैं, जिसे सत्ता के गलियारों में महज सरकारी दौरा नहीं, बल्कि आने वाले राजनीतिक मंजर की बिसात माना जा रहा है। ...

समृद्धि यात्रा पर आज से निकलेंगे सीएम नीतीश कुमार- फोटो : social Media

Nitish Kumar Bihar Tour:बिहार की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज़ होने जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार से समृद्धि यात्रा पर निकल रहे हैं, जिसे सत्ता के गलियारों में महज़ सरकारी दौरा नहीं, बल्कि आने वाले राजनीतिक मंजर की बिसात माना जा रहा है। 16 जनवरी को पश्चिमी चंपारण के बेतिया से शुरू होकर यह यात्रा 24 जनवरी को वैशाली में अपने अंजाम तक पहुंचेगी। इस दौरान नीतीश सरकार की नीतियों, नीयत और नौकरशाही की कारगुज़ारी तीनों का इम्तिहान होगा।

समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री प्रगति यात्रा से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे और साथ ही सात निश्चय-2 और भविष्य की दिशा तय करने वाले सात निश्चय-3 पर भी तफसील से मंथन करेंगे। माना जा रहा है कि यह यात्रा विकास के साथ-साथ राजनीतिक भरोसे की तामीर का भी ज़रिया बनेगी। यात्रा से पहले शेड्यूल में आंशिक फेरबदल कर दिया गया है। पहले जहां 21 जनवरी को सीवान और 22 को सारण जाने का कार्यक्रम था, वहीं अब 21 को सारण और 22 को सीवान में मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे। मंत्रिमंडल सचिवालय ने इस बदलाव पर मुहर लगा दी है।

मुख्यमंत्री की यह यात्रा महज़ भाषणों तक सीमित नहीं रहेगी। वे नि:शुल्क दवा की उपलब्धता, ऊर्जा के संरचनात्मक ढांचे, मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना (अवशेष), ग्रामीण सेतु निर्माण, जीविका समूह, पंचायत सरकार भवन, भूमि विवादों के निपटारे, राशन कार्ड, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता, कुशल युवा कार्यक्रम और विधि-व्यवस्था की ज़मीनी हकीकत का जायज़ा लेंगे। यह प्रशासनिक मुश्तैदी का भी इम्तिहान होगा कि काग़ज़ी दावे ज़मीन पर कितने मुकम्मल हैं।

शुक्रवार सुबह 11.30 बजे मुख्यमंत्री पटना से बेतिया के कुमारबाग पहुंचेंगे, जहां नव-स्थापित औद्योगिक इकाइयों का मुआयना करेंगे। उद्योग विभाग की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन होगा, साथ ही उद्यमियों से सीधा संवाद भी। इसके बाद रमना मैदान में वरीय अधिकारियों के साथ जिलास्तरीय समीक्षा बैठक होगी। कुल मिलाकर, समृद्धि यात्रा सत्ता, सियासत और सिस्टम तीनों के लिए एक अहम कसौटी साबित होने जा रही है।