Tejashwi Yadav Reaction: 'अगर इतनी बड़ी लूट ग़ैर BJP सरकार में होती तो स्टूडियो में जंगलराज वाले बंदर-बंदरिया', तेजस्वी यादव बेतिया चोरी पर सरकार को घेरा

Tejashwi Yadav Reaction: बेतिया के सेंको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम से दिनदहाड़े 30-35 करोड़ रुपये के आभूषण लूटे जाने पर तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर निशाना साधा। जानिए पूरी घटना और उनका बयान।

Tejashwi Yadav Reaction:  बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में दिनदहाड़े ज्वेलरी शोरूम से करोड़ों रुपये के आभूषण लूटे जाने की घटना ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बेतिया नगर के सुप्रिया रोड स्थित सेंको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे तीन बाइक से पहुंचे आठ हथियारबंद अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अपराधी करीब 30 से 35 करोड़ रुपये के सोना, चांदी और हीरे के आभूषण लेकर फरार हो गए।


इस घटना को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री और एनडीए सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री लुटेरों की जाति खोजने में लगे हैं।




तेजस्वी यादव ने एक्स पर क्या लिखा?


तेजस्वी यादव ने अपनी पोस्ट में लूट की घटना को लेकर सरकार पर हमला बोला। उन्होंने लिखा, “40 करोड़ का सोना लूट लिया दिनदहाड़े, वो भी बिहार के बेतिया में बीजेपी की पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के घर के सामने से। लेकिन अब जो भी इसे जंगलराज बोलेगा, उसे भाजपाई सरकार द्वारा फांसी दे दिया जाएगा।” तेजस्वी ने आगे आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री 40 करोड़ के सोना लुटेरों की जाति खोजने में लगे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि लूटा गया ज्वेलरी शोरूम एनडीए के एक नेता का है।


मीडिया और सरकार पर भी साधा निशाना


राजद नेता ने अपनी पोस्ट में मीडिया की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने लिखा कि अगर इतनी बड़ी लूट किसी गैर-बीजेपी सरकार के दौरान हुई होती, तो टीवी स्टूडियो में 'जंगलराज' को लेकर शोर मच रहा होता। तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि इतनी बड़ी लूट की घटना का सामान्यीकरण करना भी एक तरह का “महीन जातिवाद” है। उनके इस बयान के बाद बिहार की कानून-व्यवस्था और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप को लेकर बहस तेज होने की संभावना है।


आठ हथियारबंद अपराधियों ने कर्मचारियों और ग्राहकों को बनाया बंधक


जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे तीन बाइक पर सवार होकर आठ अपराधी सेंको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम पहुंचे। सभी के पास हथियार थे। एक अपराधी ने नकाब पहन रखा था, जबकि बाकी अपराधियों के चेहरे खुले हुए थे। वारदात के समय शोरूम में तीन ग्राहक मौजूद थे। अपराधियों ने पिस्टल की नोक पर शोरूम के आठ कर्मचारियों और तीनों ग्राहकों को बंधक बना लिया। इसके बाद उन्होंने शोरूम में रखे सोना, चांदी और हीरे के आभूषण लूट लिए।


30 से 35 करोड़ के आभूषण लूटे जाने का अनुमान


शोरूम से लूटे गए आभूषणों की शुरुआती अनुमानित कीमत 30 से 35 करोड़ रुपये बताई जा रही है। वहीं, तेजस्वी यादव ने अपनी पोस्ट में लूट की रकम करीब 40 करोड़ रुपये बताई है। लूटे गए आभूषणों की वास्तविक कीमत का आकलन जांच और शोरूम के स्टॉक मिलान के बाद ही स्पष्ट होगा। इस वारदात ने व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई सुरक्षा चूक को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के सामने अपराधियों की पहचान करने, लूटे गए आभूषण बरामद करने और घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की चुनौती है।