Bihar Free Bus Service: NEET अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत, बिहार में परीक्षा के दिन बस सेवा पूरी तरह फ्री, CM सम्राट चौधरी का बड़ा फैसला

Bihar Free Bus Service: बिहार सरकार ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET में शामिल होने वाले लाखों छात्र-छात्राओं के हित में बड़ा और संवेदनशील फैसला लिया है।...

बस सेवा पूरी तरह फ्री- फोटो : social Media

Bihar Free Bus Service:  बिहार सरकार ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET में शामिल होने वाले लाखों छात्र-छात्राओं के हित में बड़ा और संवेदनशील फैसला लिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि परीक्षा के दिन राज्य के सभी परीक्षार्थियों को बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी।

सरकार के इस निर्णय के तहत परीक्षार्थियों को केवल अपना एडमिट कार्ड दिखाना होगा, जिसके बाद उन्हें किसी भी सरकारी बस में टिकट नहीं लेना पड़ेगा। इस कदम से दूर-दराज़ के इलाकों से आने वाले छात्रों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने में मदद मिलेगी और उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ भी कम होगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय विशेष रूप से उन छात्रों के लिए राहत लेकर आया है जो ग्रामीण और पिछड़े इलाकों से परीक्षा देने के लिए लंबी दूरी तय करते हैं। कई बार परिवहन की समस्या और आर्थिक तंगी के कारण छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, लेकिन इस पहल से अब यह बाधा काफी हद तक खत्म हो जाएगी।इसके साथ ही सरकार ने परीक्षा के दौरान भीड़ प्रबंधन और सुविधाओं को लेकर भी व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के साथ-साथ सामाजिक संगठनों, मठ-मंदिरों और एनजीओ से भी अपील की है कि वे आगे आकर सहयोग करें। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और परीक्षा केंद्रों के आसपास पेयजल, सत्तू, शरबत और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जाए ताकि छात्रों और उनके अभिभावकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम को निर्देश दिया गया है कि परीक्षा के दिन अतिरिक्त बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए ताकि भीड़भाड़ की स्थिति न बने और सभी परीक्षार्थी समय पर अपने केंद्र तक पहुंच सकें।भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, छाया और प्राथमिक चिकित्सा जैसी बुनियादी सुविधाएं हर हाल में सुनिश्चित की जाएं। गर्मी के मौसम में लू के खतरे को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की भी सलाह दी गई है।

सरकार की इस पहल की व्यापक सराहना हो रही है, क्योंकि हर वर्ष NEET परीक्षा के दौरान परिवहन की समस्या, भीड़ और गर्मी के कारण छात्रों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस बार की व्यवस्था से न केवल छात्रों को राहत मिलेगी, बल्कि परीक्षा प्रक्रिया भी अधिक सुचारू और सुरक्षित होने की उम्मीद जताई जा रही है।मुख्यमंत्री ने सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है और भरोसा जताया है कि यह कदम शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक बदलाव साबित होगा।