Bihar Assembly elections: पहले चरण में हुई बंपर वोटिंग, क्या बदलेगी उम्मीदवारों की किस्मत, आंकड़ों से समझे पूरा खेल, जानें कहां और ज्यादा हुआ मतदान

Bihar Assembly elections: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग 64.46% रही। बेगूसराय में सबसे ज्यादा और शेखपुरा में सबसे कम मतदान हुआ। एनडीए और विपक्ष दोनों इसे अपने पक्ष में बता रहे हैं, जबकि जन सुराज ने इसे बदलाव का संकेत बताया।

बंपर वोटिंग से जगने वाली है उम्मीद- फोटो : social media

Bihar Assembly elections: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान गुरुवार को शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हो गया। सुबह सात बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम छह बजे तक चली। इस दौरान राज्य में औसतन 64.46 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

इस बार के मतदान में लोगों का जोश देखने लायक था। कई जिलों में पहले से ज्यादा वोट पड़े। बेगूसराय में सबसे अधिक 67.32% मतदान दर्ज किया गया, जबकि शेखपुरा में सिर्फ 52.36% वोट पड़े। वहीं, कल्याणपुर सीट पर सबसे ज्यादा 71.62% वोटिंग हुई और पटना की बांकीपुर सीट पर केवल 40% मतदान हुआ।

जनता ने किया उत्साह से मतदान, एनडीए ने जताया भरोसा

पहले चरण के मतदान के बाद एनडीए नेताओं के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही है।उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की जनता विकास और स्थिरता चाहती है। उन्होंने दावा किया कि इस बार एनडीए पिछली बार से ज्यादा सीटें जीतेगा।उनका कहना था कि बढ़ी हुई वोटिंग सरकार के काम पर जनता के विश्वास का प्रमाण है।भाजपा और जदयू नेताओं ने यह भी कहा कि लोगों ने “जंगलराज” के डर को याद रखकर एनडीए के पक्ष में वोट डाला है।

विपक्ष ने कहा ज्यादा वोटिंग सरकार से असंतोष का संकेत

महागठबंधन के नेताओं ने बढ़े हुए मतदान को अलग नजरिए से देखा।राजद प्रवक्ता ने कहा कि इस बार का मतदान सरकार की नाकामियों के खिलाफ जनता का गुस्सा है।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिहार में बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार ने लोगों को परेशान कर दिया है।वामदल प्रतिनिधियों ने दावा किया कि ग्रामीण इलाकों में लोगों ने बदलाव के लिए वोट दिया है और यह नतीजों में साफ झलकेगा।

जन सुराज ने कहा जनता तीसरा रास्ता चुन रही है

प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने मतदान को बदलाव की लहर बताया। पार्टी के आधिकारिक एक्स (Twitter) अकाउंट से कहा गया कि बिहार के लोग अब पुरानी राजनीति से थक चुके हैं। इस बार जनता रिकॉर्ड तोड़ मतदान कर रही है क्योंकि वह एक नए विकल्प की तलाश में है। जन सुराज का दावा है कि उनकी नीतियों और ईमानदार राजनीति ने युवाओं में उम्मीद जगाई है, जो नतीजों में दिखाई देगी।

प्रमुख सीटों पर दिलचस्प मुकाबले

इस बार बिहार की कई सीटों पर त्रिकोणीय और बहुकोणीय मुकाबले देखने को मिल रहे हैं।दरभंगा सदर, तारापुर, लखीसराय, सीवान, अमनौर, जाले और बेगूसराय जैसी सीटों पर एनडीए, महागठबंधन और जन सुराज के बीच कांटे की टक्कर है।पटना की बांकीपुर सीट पर भाजपा के नितिन नवीन, राजद की रेखा गुप्ता और जन सुराज की वंदना कुमारी के बीच संघर्ष सबसे ज्यादा सुर्खियों में है।

आगे क्या — दूसरे चरण और नतीजों की तैयारी

अब बिहार विधानसभा चुनाव का दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा, जिसमें 122 सीटों पर मतदान होगा।इसके बाद 14 नवंबर को मतगणना होगी और यही तय करेगा कि जनता ने इस बार किसे चुना —एनडीए का सुशासन, महागठबंधन की वापसी, या जन सुराज का नया रास्ता।