बिहार विधानसभा के मॉनसून सत्र का आखिरी दिन भी हंगामेदार हेने के आसार, NEET लीक, लाठीचार्ज और CAG रिपोर्ट पर सरकार को घेरने की तैयारी, होंगे कई विधायी काम

Bihar Monsoon Session: बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र का आज पांचवां और अंतिम दिन है।...

Bihar Monsoon Session: बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र का आज पांचवां और अंतिम दिन है। सत्र का आखिरी दिन भी हंगामे के आसार के बीच शुरू होने वाला है। विपक्ष NEET पेपर लीक मामला, छात्रों पर लाठीचार्ज, पटना हिंसा और CAG रिपोर्ट में सामने आई वित्तीय अनियमितताओं को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है।

NEET लीक और पुलिस कार्रवाई पर विपक्ष हमलावर

विपक्ष आज NEET पेपर लीक मामले और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार पर हमला बोल सकता है। पटना पुलिस द्वारा 22 जुलाई को प्रदर्शन के दौरान उपद्रव करने वाले कथित लोगों की तस्वीरें जारी किए जाने के मुद्दे पर भी सदन में हंगामा होने की संभावना है।विपक्ष का आरोप है कि छात्रों की आवाज दबाने के लिए पुलिस कार्रवाई की गई, जबकि सरकार का कहना है कि हिंसा और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है।

CAG रिपोर्ट पर भी घिर सकती है सरकार

23 जुलाई को विधानसभा में पेश CAG रिपोर्ट भी आज विपक्ष के निशाने पर रह सकती है। रिपोर्ट में 93 हजार करोड़ रुपये से अधिक के उपयोगिता प्रमाण पत्र (UC) लंबित होने और वित्तीय प्रबंधन से जुड़े कई सवाल उठाए गए हैं।विपक्ष इस मुद्दे को लेकर सरकार से जवाब मांग सकता है और सरकारी खर्च में पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े कर सकता है।

आज सदन में होंगे कई विधायी काम

विधानसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी। अगर सदन शांतिपूर्ण चला तो प्रश्नकाल में विभिन्न विभागों से जुड़े सवालों पर चर्चा होगी और संबंधित मंत्री जवाब देंगे। सामान्य प्रशासन विभाग से जुड़े प्रश्नों पर भी सरकार की ओर से जवाब दिए जाएंगे।शून्यकाल में विधायक जनहित से जुड़े मुद्दे उठा सकेंगे। दूसरे हाफ में पथ निर्माण विभाग की अभियंत्रण सेवा भर्ती संशोधन नियमावली-2026 और बिहार तकनीकी सेवा संशोधन नियमावली सदन के पटल पर रखी जाएगी।

मानसून सत्र के अब तक चारों दिन विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी की अनुपस्थिति को लेकर भी सत्ता पक्ष ने सवाल उठाए हैं। गुरुवार को मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सदन में सवाल किया था कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव कहां हैं, क्या वे अस्वस्थ हैं? हालांकि, चर्चा है कि सत्र के अंतिम दिन तेजस्वी यादव सदन में मौजूद रह सकते हैं।

इसके अलावा विधानसभा समितियों के प्रतिवेदन पेश होंगे। गैर सरकारी संकल्प पर चर्चा और अन्य जरूरी विधायी कार्य पूरे किए जाएंगे। अंत में विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार का समापन भाषण होगा।मानसून सत्र के आखिरी दिन अब सबकी नजर सदन की कार्यवाही पर टिकी है कि विपक्ष के आरोपों और सरकार के जवाब के बीच सदन कितना हंगामेदार रहता है।