Bihar Politics: कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल के उद्घाटन पर बिहार में सियासी घमासान, नामकरण से लेकर श्रेय तक छिड़ी है ये जंग

Bihar Politics: बिहार में गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल के उद्घाटन के साथ ही सियासत गरमा गई है। ....

पुल के उद्घाटन पर बिहार में सियासी घमासान- फोटो : X

Bihar Politics: बिहार में गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल के उद्घाटन के साथ ही सियासत गरमा गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को 9.76 किलोमीटर लंबे इस पुल का उद्घाटन किया। वैशाली के बिदुपुर को पटना के बाहरी इलाके कच्ची दरगाह से जोड़ने वाला यह पुल अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का नया अखाड़ा बन गया है। पुल का नाम नीतीश सेतु रखे जाने, उद्घाटन दोबारा किए जाने और निर्माण का श्रेय लेने को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने हैं।

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दावा किया कि पुल करीब डेढ़ साल पहले ही आम लोगों के लिए चालू हो चुका है। उनके मुताबिक, 23 जून 2025 को तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इसका उद्घाटन कर चुके थे। तेजस्वी ने कहा कि महागठबंधन सरकार के दौरान 2015-16 में इस परियोजना की आधारशिला रखी गई थी। उस समय उन्होंने मुख्यमंत्री से समाजवादी नेता और स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय के नाम पर पुल का नाम रखने का आग्रह किया था। तेजस्वी ने यह भी सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री किसी फैक्ट्री या रोजगार देने वाले उद्योग का उद्घाटन करते तो बिहार के युवाओं को अधिक खुशी होती।

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भी नामकरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले इस पुल का नाम सिखों के दसवें गुरु गोविंद सिंह के नाम पर रखने का फैसला हुआ था। अब नीतीश कुमार के नाम पर नामकरण से सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचने का आरोप उन्होंने लगाया।

दूसरी ओर, बीजेपी और जेडीयू नेताओं ने नीतीश सेतु नामकरण का स्वागत किया। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तेजस्वी पर तंज कसा। ललन सिंह और संजय झा ने भी विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि विकास कार्यों में अलग-अलग संस्थाओं की भूमिका होती है। जीतन राम मांझी ने नीतीश कुमार के लंबे कार्यकाल और जनसेवा को नामकरण का आधार बताया।

करीब पांच हजार करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होगा। राघोपुर दियारा को सालोंभर सड़क संपर्क मिलेगा। महात्मा गांधी सेतु और हाजीपुर-पटना मार्ग पर यातायात का दबाव भी घटेगा। विकास की इस परियोजना पर फिलहाल सियासी श्रेय और नामकरण की बहस हावी है।