Bihar Census 2027: बिहार में जनगणना-2027 की तैयारी तेज, इस दिन से घर बैठे खुद दर्ज कर सकेंगे अपनी जानकारी
Bihar Census 2027: बिहार में जनगणना-2027 को लेकर सरकारी महकमे में हलचल तेज हो गई है। ...
Bihar Census 2027: बिहार में जनगणना-2027 को लेकर सरकारी महकमे में हलचल तेज हो गई है। राज्य में जनसंख्या की गिनती के लिए तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। इस बार नागरिकों को अपनी जानकारी दर्ज कराने के लिए प्रगणकों के घर पहुंचने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सरकार ने स्व-जनगणना की सुविधा भी उपलब्ध कराने का फैसला किया है। इसके तहत लोग 10 जनवरी से 24 जनवरी, 2027 तक ऑनलाइन अपनी जानकारी खुद दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 25 जनवरी से घर-घर सर्वेक्षण का सिलसिला शुरू होगा, जो 28 फरवरी तक चलेगा।
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने बुधवार को अपने कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान जनगणना का पूरा कार्यक्रम साझा किया। उन्होंने बताया कि जनगणना की तारीखें केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय, नई दिल्ली की अधिसूचना के मुताबिक निर्धारित की गई हैं।
मंत्री के अनुसार, बिहार में 25 जनवरी से प्रगणक घर-घर पहुंचकर परिवारों और आबादी से संबंधित जरूरी विवरण जुटाएंगे। यह अभियान 28 फरवरी, 2027 तक चलेगा। निर्धारित समयसीमा में सर्वेक्षण पूरा कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं, ताकि पूरी कवायद व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
इस बार जनगणना में डिजिटल सुविधा को भी अहमियत दी गई है। 10 से 24 जनवरी तक स्व-जनगणना का विकल्प खुला रहेगा। इसके जरिए नागरिक ऑनलाइन माध्यम से अपनी और परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इससे लोगों की भागीदारी बढ़ेगी और प्रगणकों के पहुंचने से पहले ही विवरण उपलब्ध हो सकेंगे।
डॉ. जायसवाल ने बताया कि बिहार में इस पूरे अभियान की कमान राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के जनगणना कोषांग को सौंपी गई है। विभाग को सभी तैयारियां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी करनी हैं। जनगणना से जुटाए गए आंकड़े राज्य की आबादी, सामाजिक संरचना और विकास योजनाओं के बेहतर नियोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।