Train Mobile Rules: ट्रेन में तेज आवाज में मोबाइल चलाना पड़ेगा भारी, 1000 रुपये जुर्माना और जेल का प्रावधान, जान लीजिए पूरा नियम

Train Mobile Rules: ट्रेन के सफर में अब मोबाइल फोन का बेतरतीब इस्तेमाल दूसरे यात्रियों के लिए मुसीबत खड़ी नहीं कर सकेगा।...

Railway Travel Loud Mobile Use May Invite Fine and Jail
ट्रेन में मोबाइल पर तेज आवाज में बात की तो होगी कार्रवाई- फोटो : X

Train Mobile Rules: ट्रेन के सफर में अब मोबाइल फोन का बेतरतीब इस्तेमाल दूसरे यात्रियों के लिए मुसीबत खड़ी नहीं कर सकेगा। चलती ट्रेन में ऊंची आवाज में फोन पर गपशप करना, देर तक मोबाइल पर बातचीत में मशगूल रहना या बिना ईयरफोन लगाए गाने और वीडियो सुनना महंगा पड़ सकता है। यात्रियों के आराम और सफर का सुकून कायम रखने के लिए रेलवे ने इस मामले में सख्त रुख अपनाया है। रेलवे बोर्ड ने सभी रेल मंडलों को नए दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने का फरमान जारी किया है।

निर्देशों के मुताबिक, ट्रेन और स्टेशन परिसर में ऐसा शोर-शराबा करना, जिससे आसपास बैठे यात्रियों को परेशानी हो, नियमों के दायरे में आएगा। रेलवे अधिनियम के तहत दोषी पाए जाने पर एक हजार रुपये तक का जुर्माना और छह महीने तक की जेल हो सकती है।

यात्रियों को इन नियमों से रूबरू कराने के लिए स्टेशनों पर नियमित उद्घोषणा की जाएगी। क्षेत्रीय भाषाओं के साथ हिंदी और अंग्रेजी में भी लोगों को हिदायत दी जाएगी। ट्रेनों में भी जहां व्यवस्था उपलब्ध होगी, वहां अनाउंसमेंट के जरिए यात्रियों से शोर नहीं करने की गुजारिश की जाएगी।

रेलवे स्टेशनों के अहम स्थानों और कोच के भीतर जागरूकता पोस्टर तथा स्टीकर चिपकाए जाएंगे। खासकर एसी डिब्बों में इन संदेशों को प्रमुखता से जगह मिलेगी। यात्रियों से कहा जाएगा कि वे मोबाइल पर संगीत या वीडियो का लुत्फ उठाने के लिए ईयरफोन लगाएं। फोन को साइलेंट अथवा वाइब्रेशन मोड में रखें और रिंगटोन की आवाज भी धीमी रखें।

इस व्यवस्था को लागू कराने की जिम्मेदारी अधिकृत वाणिज्यिक कर्मचारियों को दी गई है। टिकट परीक्षक यानी टीटीई स्तर के अधिकारी नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर सकेंगे। हालांकि, टीटीई से निचले दर्जे के कर्मचारियों को यह अधिकार नहीं होगा। रेलवे का मकसद यात्रियों पर बेवजह पाबंदी लगाना नहीं, बल्कि सभी के लिए शांतिपूर्ण और आरामदायक सफर का माहौल तैयार करना है।