Bharat Tiwari Encounter: भरत तिवारी एनकाउंटर पर CM सम्राट का बड़ा कबूलनामा, बोले- पुलिस से गलती हुई थी

Bharat Tiwari Encounter: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि इस घटना में पुलिस से चूक हुई थी।...

Bharat Tiwari Encounter: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि इस घटना में पुलिस से चूक हुई थी।  मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना के 48 घंटे के भीतर न्यायिक कमेटी गठित कर दी गई थी और उसकी रिपोर्ट में पुलिस की चूक सामने आई। मुख्यमंत्री के मुताबिक, रिपोर्ट के आधार पर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई और कुछ लोगों को जेल भी भेजा गया।

सम्राट चौधरी ने कहा कि पुलिस को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए काम करने की पूरी आजादी होगी, लेकिन पुलिस की गलती को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। उनका कहना था कि चूक होने पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी कहा कि अब आगे की कानूनी प्रक्रिया अदालत के स्तर पर होगी और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने भरत तिवारी के परिवार के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की बात कही। उन्होंने कहा कि अपराधी किसी भी जाति, धर्म या वर्ग का हो, उसके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

बता दें  कि भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में 17 जून 2026 को पुलिस मुठभेड़ में भरत भूषण तिवारी की मौत हुई थी। घटना के बाद पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठे और बिहार सरकार ने स्वतंत्र न्यायिक जांच का आदेश दिया था। जांच आयोग की अध्यक्षता पटना हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश विनोद कुमार सिन्हा कर रहे हैं।

घटना को लेकर पुलिस और स्थानीय पक्ष के दावों में अंतर भी सामने आया था। कुछ स्थानीय लोगों की ओर से दावा किया गया कि तिवारी ने आत्मसमर्पण कर दिया था, जबकि पुलिस का पक्ष था कि उन्होंने पिस्टल निकाली थी। इसी विवाद के बीच न्यायिक जांच शुरू की गई।छात्र आंदोलन के दौरान AK-47 से फायरिंग के सवाल पर भी मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले की समीक्षा के लिए हाईकोर्ट के सिटिंग जज की अध्यक्षता में कमेटी बनाई गई है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।