Bihar MLC Oath Ceremony: बिहार विधान परिषद में आज 8 नए MLC लेंगे शपथ, शिक्षक सीटों पर पुराने दिग्गजों का सूपड़ा हो गया था साफ
Bihar MLC Oath Ceremony: बिहार की सियासत में आज विधान परिषद के जरिए एक नई राजनीतिक तस्वीर सामने आने जा रही है।...
Bihar MLC Oath Ceremony: बिहार की सियासत में आज विधान परिषद के जरिए एक नई राजनीतिक तस्वीर सामने आने जा रही है। विधान परिषद की आठ सीटों पर निर्वाचित नए सदस्य आज पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से चुने गए विधान पार्षद शामिल हैं। इस शपथ ग्रहण के साथ ही विधान परिषद में नए सदस्यों के कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत हो जाएगी। खास बात यह है कि इस चुनाव में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की चारों सीटों पर निवर्तमान विधान पार्षदों को हार का सामना करना पड़ा है। यानी पुराने चेहरों की जगह अब नए प्रतिनिधि सदन में अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
पटना स्थित विधान परिषद उपभवन के सभागार में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। विधान परिषद सचिवालय की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, कार्यकारी सभापति प्रो. (डॉ.) रामवचन राय सभी आठ नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाएंगे। समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव समेत राज्य सरकार के कई मंत्री भी मौजूद रहेंगे।
दरअसल, बिहार विधान परिषद की चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों पर 23 अक्टूबर 2026 को द्विवार्षिक चुनाव कराया गया था। पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के साथ पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हुआ था। इन चुनावों में बैलेट पेपर के जरिए मतदाताओं ने अपने प्रतिनिधियों का चुनाव किया। आठों सीटों पर निवर्तमान सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त हो गया था।
इस चुनाव का सबसे बड़ा सियासी उलटफेर शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में देखने को मिला। चारों सीटों पर पुराने विधान पार्षदों को शिकस्त मिली। पटना शिक्षक सीट पर राजद के डॉ. संजीव कुमार ने भाजपा के वरिष्ठ नेता नवल किशोर यादव को हराया। तिरहुत में भाजपा के डॉ. नरेंद्र प्रसाद सिंह ने निवर्तमान सदस्य संजय कुमार को पराजित किया। सारण में निर्दलीय डॉ. राहुल राज ने जदयू के आनंद पुष्कर को मात दी, जबकि दरभंगा में जन सुराज पार्टी के सुरेश प्रसाद राय ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मदन मोहन झा को हरा दिया।
वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पुराने चेहरों का दबदबा कायम रहा। पटना स्नातक सीट पर जदयू के नीरज कुमार ने राजद के दिलीप कुमार पटेल को हराकर लगातार चौथी बार जीत दर्ज की। इस तरह शिक्षक सीटों पर नए चेहरों की दस्तक और स्नातक सीटों पर पुराने नेताओं की वापसी ने विधान परिषद का सियासी समीकरण बदल दिया है। अब सबकी निगाहें इस बात पर रहेंगी कि नए सदस्य सदन में अपने क्षेत्रों की समस्याओं और मुद्दों को किस तरह उठाते हैं।