Republic Day 2026: बिहार के डीजी कुंदन कृष्णन समेत तीन को मिलेगा गैलेंट्री अवॉर्ड, गणतंत्र दिवस पर 22 पुलिस अधिकारी होंगे सम्मानित

Republic Day 2026: बिहार के डीजी कुंदन कष्णन समेत 3 अधिकारियों को गैलेंट्री अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। गणतंत्र दिवस पर 22 पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा।

डीजी कुंदन कृष्णन को मिलेगा गैलेंट्री अवार्ड - फोटो : social media

Republic Day 2026: गणतंत्र दिवस के अवसर पर बिहार के कई पुलिस अधिकारी सम्मानित होंगे। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बिहार पुलिस के 22 अधिकारियों और कर्मियों को विभिन्न श्रेणियों में पदक देने की घोषणा की है। इस सूची में वीरता, विशिष्ट सेवा और सराहनीय सेवा के लिए पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया है। तत्कालीन एसपी और वर्तमान पुलिस महानिदेशक (डीजी) कुंदन कृष्णन समेत तीन को गैलेंट्री पदक देने की घोषणा की गई है।

तीन को गैलेंट्री पदक

गैलेंट्री मेडल पाने वालों में डीजी कुंदन कृष्णन, सब-इंस्पेक्टर अर्जुन लाल और सिपाही जितेंद्र सिंह शामिल हैं। इन पुलिसकर्मियों को असाधारण साहस और कर्तव्य के प्रति निष्ठा के लिए यह सम्मान दिया जाएगा।

दो को राष्ट्रपति का विशिष्ट सेवा पदक

विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक से दो पुलिस पदाधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें डीएसपी उमेश लाल रजक और सब-इंस्पेक्टर नवरत्न कुमार शामिल हैं। यह पदक पुलिस सेवा में लंबे समय तक अनुकरणीय और उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रदान किया जाता है।

17 को सराहनीय सेवा पदक

सराहनीय सेवा के लिए 17 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को पदक दिया जाएगा। सम्मानित होने वालों में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) दलजीत सिंह, सहायक महानिरीक्षक (एआईजी) राजीव रंजन द्वितीय और कमांडेंट अजय कुमार पांडेय शामिल हैं। इसके अलावा डीएसपी शैलेश मिश्रा, सब-इंस्पेक्टर मो. ऐनुल हक, ऋषिकेश कुमार, मनोज कुमार, निक्कू कुमार सिंह और एएसआई नागेंद्र पांडेय को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा। 

इनको मिलेगा सर्विस मेडल 

जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट सेवा देने वाले हेड कांस्टेबल संजय कुमार सिंह, सुकड़ा उरांव, धर्मेंद्र कुमार, जवाहर लाल मंडल, उमेश कुमार सिंह, ओम प्रकाश, एमडी रफी और कांस्टेबल मनोज कुमार सिंह को भी मेरिटोरियस सर्विस मेडल प्रदान किया जाएगा।

सीबीआई के दो अधिकारियों को भी सम्मान

इसके अलावा केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की एंटी करप्शन ब्रांच, पटना में तैनात दो अधिकारियों को भी पुलिस मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस से सम्मानित किया जाएगा। इनमें उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) रूबी चौधरी और हेड कांस्टेबल भोला राय शामिल हैं। दोनों अधिकारियों को भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और जटिल मामलों की सफल जांच के लिए यह सम्मान दिया जाएगा।

पुलिस मुख्यालय ने दी बधाई

पुलिस मुख्यालय ने सभी सम्मानित अधिकारियों और कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे बिहार पुलिस बल के लिए प्रेरणास्रोत है। यह सम्मान न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि राज्य में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक भी है।