Bihar Electricity Bill: बिहार में महंगी होगी बिजली! विद्युत आयोग आज करेगा ऐलान, समझिए नई दरों का पूरा गणित

Bihar Electricity Bill: बिहार के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। बिहार राज्य विद्युत विनियामक आयोग (BERC) आज साल 2026-27 के लिए बिजली की नई दरों का ऐलान करने जा रहा है।

अब महंगी होगी बिजली - फोटो : social media

Bihar Electricity Bill: बिहार में बिजली उपभोक्ताओं के लिए 1 अप्रैल से नई दरें लागू होने जा रही हैं। बिहार विद्युत विनियामक आयोग बुधवार को नई टैरिफ दरों की घोषणा करेगा। इस बार बिजली कंपनियों ने सभी श्रेणियों में 35 पैसे प्रति यूनिट बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया है, हालांकि आम उपभोक्ताओं को राहत देने के संकेत भी मिल रहे हैं। जानकारी के अनुसार, आयोग बिजली कंपनियों की लागत को ध्यान में रखते हुए उपभोक्ताओं को संतुलित राहत देने की कोशिश करेगा। इस बार सिर्फ दरों में बदलाव ही नहीं, बल्कि कई बड़े संरचनात्मक बदलाव भी लागू किए जा सकते हैं।

शहरी उपभोक्ताओं को मिल सकती है बड़ी राहत

प्रस्ताव के तहत शहरी घरेलू उपभोक्ताओं के लिए स्लैब सिस्टम खत्म कर एक समान दर लागू की जा सकती है, जैसा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पहले से लागू है। इससे बिजली बिल की गणना आसान हो जाएगी और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। राज्य सरकार की ओर से दी जा रही सब्सिडी भी जारी रहने की संभावना है। 125 यूनिट तक बिजली उपभोग करने वाले उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली मिलती रहेगी, जिससे निम्न और मध्यम वर्ग को फायदा मिलेगा।

स्मार्ट और प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं को अतिरिक्त लाभ

राज्य में स्मार्ट और प्रीपेड मीटर इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को 25 पैसे प्रति यूनिट सस्ती बिजली मिल सकती है। वहीं शहरी घरेलू उपभोक्ताओं को भी करीब 18 पैसे प्रति यूनिट तक राहत मिलने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए भी स्लैब को दो से एक करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा एनडीएस-2 श्रेणी के लिए फिक्स्ड चार्ज घटाकर 150 रुपये किए जाने की मंजूरी मिल सकती है।

दरें कैसे होंगी, समझिए पूरा गणित

प्रस्तावित दर- 7.77 रुपये प्रति यूनिट

वर्तमान दर- 0–100 यूनिट: 7.42 रुपये

100 यूनिट से ऊपर: 8.95 रुपये

सरकारी सब्सिडी

0–100 यूनिट-3.30 रुपये, 100 यूनिट से ऊपर- 3.43 रुपये। अगर सरकार मौजूदा सब्सिडी जारी रखती है, तो उपभोक्ताओं को करीब 4.34 रुपये प्रति यूनिट भुगतान करना होगा, जो वर्तमान दर से लगभग 18 पैसे सस्ता होगा।

संभावित नई दरें (रुपये प्रति यूनिट):

श्रेणी                वर्तमान दर       संभावित दर

कुटीर ज्योति:       7.42           → 7.77

ग्रामीण घरेलू:       7.42          → 7.77

शहरी घरेलू:         7.42         → 7.77

अपार्टमेंट/सोसाइटी: 9.03    → 9.38

गैर-घरेलू (ग्रामीण):   7.79    → 8.14

गैर-घरेलू (शहरी):  7.73       → 8.08

कृषि उपभोक्ता:  6.74          → 7.09

फिलहाल सभी की नजरें आयोग के अंतिम फैसले पर टिकी हैं, जो बुधवार सुबह 11:30 बजे घोषित किया जाएगा। इसके बाद राज्य सरकार की ओर से सब्सिडी का औपचारिक ऐलान भी किया जाएगा।