चार मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, 6 लोगों की मौत, कई झुलसे, 30 दमकल गाड़ियों ने सम्भाला मोर्चा
Fire broke out : एक चार मंजिला इमारत में आग लगने से बुधवार को 6 लोगों की मौत हो गई जबकि कुछ अन्य घायलों को अस्पताल में दाखिल कराया गया है। घटना के वक्त कुल 18 लोगों के इमारत में होने की बात कही जा रही है। यह घटना दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार, 18 मार्च को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। साध नगर की एक चार मंजिला इमारत में लगी भीषण आग में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग अस्पताल में भर्ती हैं।
जानकारी के मुताबिक, आग की शुरुआत सुबह ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एक कॉस्मेटिक दुकान से हुई। देखते ही देखते आग ने ऊपरी मंजिलों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पूरे भवन में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय इमारत में कुल 18 लोग मौजूद थे। आग तेजी से फैलने के कारण बाहर निकलने का एकमात्र रास्ता बंद हो गया, जिससे कई लोग अंदर ही फंस गए। कुछ लोगों ने जान बचाने के लिए ऊपर से छलांग लगा दी।
घटना की सूचना सुबह करीब 7 बजे दमकल विभाग को मिली, जिसके बाद मौके पर 30 दमकल गाड़ियों को भेजा गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू टीम ने अब तक 10 लोगों को बाहर निकाला है, जिनमें से 6 की मौत हो चुकी है। बचाए गए लोगों में 3 बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं और उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, वहीं मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।