International Yoga Day:योग के रंग में रंगा बिहार, सीएम सम्राट चौधरी से लेकर केंद्रीय मंत्रियों तक ने किया सामूहिक योगाभ्यास, शहर-गांव में हजारों लोगों ने किया योग

International Yoga Day: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के 12वें संस्करण पर रविवार को बिहार पूरी तरह योगमय नजर आया।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने योगाभ्यास किया। ...

सीएम सम्राट चौधरी से लेकर केंद्रीय मंत्रियों तक ने किया सामूहिक योगाभ्यास- फोटो : Ranjit

International Yoga Day: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के 12वें संस्करण पर रविवार को बिहार पूरी तरह योगमय नजर आया। राजधानी पटना से लेकर गांव-कस्बों तक योग के जरिए स्वस्थ जीवन, अनुशासन और जन-जागरूकता का पैगाम दिया गया। राज्यस्तरीय मुख्य कार्यक्रम पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित हुआ, जहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सुबह छह बजे पहुंचकर हजारों लोगों के साथ योगाभ्यास किया। सत्ता के शीर्ष नेतृत्व से लेकर प्रशासनिक अमले तक की मौजूदगी ने इस आयोजन को खास राजनीतिक और सामाजिक महत्व प्रदान किया। 

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, सांसद रामनाथ ठाकुर, विधायक संजय गुप्ता समेत कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। राज्य आयुष समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने की। योग सत्र के दौरान नेताओं ने जनता को संदेश दिया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र निर्माण का माध्यम है।

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम स्वस्थ आयु के लिए योग रखी गई है। इसका मकसद बढ़ती उम्र के साथ बेहतर स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देना है। यही वजह रही कि योग दिवस का संदेश केवल शहरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि गांवों और छोटे कस्बों तक पहुंचा।

बिहार के विभिन्न जिलों में भी बड़े पैमाने पर योग शिविर आयोजित किए गए। गया में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, मुजफ्फरपुर में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर में केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे और समस्तीपुर के उजियारपुर में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने योग कार्यक्रमों में भाग लेकर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। राजनीतिक गलियारों में भी यह चर्चा रही कि योग अब केवल स्वास्थ्य का विषय नहीं, बल्कि जनसंपर्क और सामाजिक जागरूकता का प्रभावी माध्यम बन चुका है।

पटना से सटे मसौढ़ी में भी विश्व योग दिवस के अवसर पर भव्य आयोजन हुआ। विश्व विजेता गोल्ड मेडलिस्ट डॉ. दिलीप कुमार के नेतृत्व में आयोजित योग शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और स्कूली बच्चों ने हिस्सा लिया। डॉ. दिलीप ने लोगों को योग, प्राणायाम और संतुलित खानपान का महत्व समझाते हुए तेल-मसाले, अधिक नमक, चीनी और वसायुक्त भोजन से दूरी बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नियमित योग ही बेहतर स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कुंजी है।

उधर नालंदा जिले में भी शहर से गांव तक योग दिवस का उत्साह देखने को मिला। बिहारशरीफ के सुभाष पार्क में पतंजलि योग समिति द्वारा आयोजित विशाल शिविर में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों ने भी सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प दोहराया। इस बार का योग दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं रहा, बल्कि सत्ता, समाज और संस्कार के संगम का ऐसा मंच बना, जहां से स्वस्थ बिहार और स्वस्थ भारत का साझा संदेश पूरे प्रदेश में गूंजता दिखाई दिया।